फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Biz Updates: अप्रत्यक्ष कर संग्रह संशोधित अनुमान से अधिक; फोनपे यूजर्स यूपीआई से सिंगापुर में कर सकेंगे भुगतान

Wed, 03 Apr 2024 05:55 AM IST
यशोधन शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर

सार

केंद्र सरकार के मुताबिक अप्रत्यक्ष कर संग्रह संशोधित अनुमान से अधिक रहा है। सीबीआईसी चेयरमैन ने कहा, 20.18 लाख करोड़ का जीएसटी संग्रह उपलब्धि है। पढ़ें बिजनेस वर्ल्ड की बड़ी खबरें
विज्ञापन
कारोबार जगत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ईस्ट कोस्ट रेलवे (ईसीओआर) को बड़ी सफलता मिली है। इसने वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान 256.22 मिलियन टन मूल माल ढुलाई की है। यह साल-दर-साल 6.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करती है। एक बयान में, पूर्व तटीय रेलवे ने कहा कि यह लगातार पांचवीं बार 200 मिलियन टन माल लदान के मील के पत्थर को पार करने वाला पहला क्षेत्र बन गया है। रेलवे ने आगे बताया, 'सरकारी क्षेत्रों और उद्योगों के साथ उचित योजना और समन्वय के साथ विभिन्न चुनौतियों के बावजूद यह उल्लेखनीय लोडिंग हासिल की गई है।' 

विज्ञापन

जोमैटो समेत चार कंपनियों को 192 करोड़ का नोटिस
फूड डिलीवरी एप जोमैटो समेत चार कंपनियों को 192.03 करोड़ रुपये का कर नोटिस मिला है। इसमें अकेले जोमैटो को 184 करोड़ का सेवा कर नोटिस मिला है। इसमें जुर्माना भी शामिल है। कंपनी ने मंगलवार को बताया, उसे भारत से बाहर अपने ग्राहकों को की गई बिक्री के आधार पर अक्तूबर, 2014 से जून, 2017 के लिए सेवा कर का भुगतान न करने पर नोटिस मिला है। इसके अलावा, यूनाइटेड स्पिरिट्स लि. को कुछ सांविधिक घोषणा पत्र व डिलिवरी प्रमाण जमा न करने पर ब्याज सहित 5.51 करोड़ का नोटिस मिला है। वहीं, वेदांता लि. को इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाने के लिए 1.86 करोड़ का जीएसटी नोटिस आैर आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज को भी 66.70 लाख का नोटिस मिला है।

श्याओमी की ई-कार : 27 मिनट में 50,000 बुकिंग
दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी श्याओमी ने इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में कदम रखा है। चीन की कंपनी ने सेडान इलेक्ट्रिक कार (ई-कार) एसयू7 लॉन्च की है। खास बात है कि बुकिंग शुरू होने के महज 4 मिनट के भीतर 10,000 ई-कार बुक हो गईं। 7 मिनट बाद 20,000 व 27 मिनट में 50,000 इकाई बुकिंग पहुंच गई। वहीं, एक घंटे में बुकिंग का आंकड़ा 90,000 पहुंच गया। इसकी डिलीवरी अप्रैल अंत तक शुरू होने की उम्मीद है।

आईटीआर फॉर्म एक, दो और चार ई-फाइलिंग पोर्टल पर जारी
आयकर विभाग ने पिछले वित्त वर्ष यानी 2023-24 के लिए आईटीआर (आयकर रिटर्न) फॉर्म एक, दो और चार को एक अप्रैल, 2024 से ई-फाइलिंग पोर्टल पर जारी कर दिया है। आयकरदाता अपनी आय के अनुसार 2023-24 का रिटर्न भरने के लिए इन फॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं। आयकर रिटर्न भरने की अंतिम तारीख 31 जुलाई है।

फॉर्म-1 : वे आयकरदाता इसे भर सकते हैं, जो नौकरीपेशा हैं। साथ ही, अन्य साधनों से जैसे ब्याज, लाभांश और पेंशन के साथ कृषि से 50 हजार रुपये तक आय हो। हालांकि, कुल सालाना आय 50 लाख से ज्यादा नहीं होनी चाहिए।
फॉर्म-2 : वैसे आयकरदाता जिनके पास एक से ज्यादा मकान हैं और जिन्हें कैपिटल गेन का लाभ मिल रहा है, वे इसे भर सकते हैं।
फॉर्म-4 : यह फॉर्म उनके लिए है, जिनकी आय कारोबार से होती है और जो पेशेवर 44एडी, 44एडीए और 44एई के दायरे में आते हैं।

इरेडा ने दिया 25,089 करोड़ रुपये का कर्ज
सरकारी कंपनी इरेडा ने 2023-24 में 25,089 करोड़ रुपये का कर्ज दिया। इस दौरान 37,354 करोड़ के कर्ज मंजूर किए गए। 2022-23 में 47,076 करोड़ का कर्ज दिया गया था। जनवरी-मार्च में कंपनी ने 23,796 करोड़ का कर्ज मंजूर किया है, जो एक साल पहले की तुलना में दोगुना है। 

संजय नायर 2024-25 के लिए एसोचैम अध्यक्ष
सोरिन इन्वेस्टमेंट फंड के चेयरमैन संजय नायर ने 2024-25 के लिए एसोचैम के अध्यक्ष का पदभार संभाला है। उन्होंने स्पाइसजेट के सीएमडी अजय सिंह की जगह ली। एसोचैम ने कहा, नायर के पास वैश्विक वित्तीय और पूंजी बाजारों में चार दशक का अनुभव है।

आरबीआई की तीन दिनी एमपीसी बैठक आज से
अगले कुछ महीनों तक देश में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी के बीच आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की तीन दिवसीय बैठक बुधवार से शुरू हो रही है। फैसले की घोषणा 5 अप्रैल को होगी। एसबीआई ने कहा, ब्याज दरों में कटौती तीसरी तिमाही से संभव है। 

अप्रत्यक्ष कर संग्रह संशोधित अनुमान से अधिक; सीबीआईसी प्रमुख ने कही यह बात

केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के चेयरमैन संजय कुमार अग्रवाल ने बुधवार को कहा, बीते वित्त वर्ष 2023-24 में अप्रत्यक्ष कर संग्रह 14.84 लाख करोड़ रुपये के संशोधित अनुमान से खासा अधिक रहा है।
अग्रवाल ने क्षेत्रीय कर अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा, समाप्त वित्त वर्ष में रिकॉर्ड जीएसटी संग्रह से अप्रत्यक्ष कर संग्रह संशोधित अनुमान से भी खासे अंतर से अधिक रहा है। सीबीआईसी चेयरमैन ने कहा, 2023-24 के लिए 20.18 लाख करोड़ रुपये का सकल जीएसटी संग्रह मील का पत्थर है। यह वित्त वर्ष 2022-23 के सकल जीएसटी संग्रह से 11.7 फीसदी अधिक है। संशोधित अनुमान के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 के लिए सकल कर संग्रह लक्ष्य 34.37 लाख करोड़ रुपये रहा। एजेंसी

सरकार ने अंतरिम बजट में घटा दिया था लक्ष्य
सरकार ने इस साल फरवरी में पेश अंतरिम बजट में वित्त वर्ष 2023-24 के लिए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), सीमा शुल्क और उत्पाद शुल्क सहित सकल अप्रत्यक्ष कर संगह के लक्ष्य को घटाकर 14.84 लाख करोड़ रुपये कर दिया था। हालांकि, प्रत्यक्ष कर संग्रह का लक्ष्य 2023-24 के लिए बढ़ाकर 19.45 लाख करोड़ रुपये कर दिया था।

वोडफोन को 20,000 करोड़ जुटाने की मंजूरी

वोडाफोन आइडिया के शेयरधारकों ने प्रतिभूतियां जारी कर 20,000 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। पूंजी जुटाने को शेयरधारकों की मंजूरी लेने के लिए मंगलवार को असाधारण आम बैठक बुलाई गई थी। प्रस्ताव के पक्ष में कुल 99.01 फीसदी वोट डाले गए। 

एमईपी इन्फ्रा के खिलाफ दिवालिया कार्यवाही शुरू

राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) ने रियल्टी कंपनी एमईपी इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स के खिलाफ दिवालिया प्रक्रिया शुरू करने के साथ एक अंतरिम समाधान पेशेवर भी नियुक्त कर दिया है। बैंक ऑफ इंडिया ने कार्यवाही शुरू करने के लिए याचिका दायर की थी। 

देश में हर साल दो अरब डॉलर निवेश करेगा ब्लैकस्टोन समूह

वैश्विक निजी इक्विटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ब्लैकस्टोन समूह भारत में हर साल दो अरब डॉलर का निवेश करने को तैयार है। ब्लैकस्टोन के वरिष्ठ प्रबंध निदेशक अमित दीक्षित ने बुधवार को कहा, हमारी योजना भारत में सालाना करीब दो अरब डॉलर का निवेश करने की है। समूह भारत में अब तक 50 अरब डॉलर का निवेश कर चुका है। 

देश में दो दशक से काम करने वाली कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी जोनाथन डीग्रे ने भारत में ब्लैकस्टोन जैसी कंपनियों के लिए कारोबार सुगमता को बेहतर करने के लिए कई उपायों की वकालत की। इनमें विलय-अधिग्रहण पर त्वरित मंजूरी, सूचीबद्ध कंपनियों का आसान निजीकरण और वाणिज्यिक मामलों में विवाद समाधान में सुधार शामिल हैं। इसके साथ ही, उन्होंने दिवालिया कानून और जीएसटी की सराहना भी की। कंपनी भारत में 50 अरब डॉलर का निवेश कर चुकी है।

कच्चे तेल पर विंडफॉल टैक्स 19 सौ रुपये प्रति टन बढ़ा

केंद्र सरकार ने कच्चे पेट्रोलियम तेल पर विंडफॉल टैक्स बढ़ा दिया है। बुधवार को लिए गए फैसले के अनुसार अब प्रति टन कच्चे तेल पर विंडफॉल टैक्स 4,900 की जगह 6,800 रुपये होगा। इसमें 1,900 रुपये बढ़े है। डीजल व एटीएफ (हवाई जहाज का फ्यूल) पर टैक्स शून्य रहेगा। फैसला बृहस्पतिवार से लागू होगा।

यूएई को अतिरिक्त 10,000 टन प्याज निर्यात की अनुमति

सरकार ने बुधवार को राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लि. (एनसीईएल) के जरिये संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 10,000 टन अतिरिक्त प्याज के निर्यात की अनुमति दी। इससे पहले पिछले माह भी यूएई को 14,400 टन प्याज निर्यात की मंजूरी दी गई थी। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने कहा, एक मार्च, 2024 की अधिसूचना में निर्धारित कोटा के अलावा एनसीईएल के जरिये यूएई को अतिरिक्त 10,000 टन प्याज के निर्यात की अनुमति दी जाती है। हालांकि, सरकार ने घरेलू उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्याज निर्यात पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।

फोनपे यूजर्स यूपीआई से सिंगापुर में कर सकेंगे भुगतान

फोनपे यूजर्स यूपीआई के जरिये अब सिंगापुर में भी भुगतान कर सकेंगे। इसके लिए कंपनी ने द सिंगापुर टूरिज्म के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह सहयोग भारत और सिंगापुर के बीच मौजूदा यूपीआई लिंकेज पर बनाया गया है। यह यूजर्स को अपने मौजूदा भारतीय बैंक खातों से सीधे दोनों देशों के बीच लेनदेन की सुविधा देता है। कंपनी ने कहा, सिंगापुर टूरिज्म बोर्ड और फोनपे के बीच दो साल की रणनीतिक साझेदारी की है।
विज्ञापन

अमेजन वेब सर्विसेज में सैकड़ों कर्मचारियों की छंटनीः रिपोर्ट्स में दावा

अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) ने बिक्री, विपणन और तकनीकी भूमिकाओं से जुड़े सैकड़ों कर्मचारियों को बाहर कर दिया है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेजन डॉट कॉम की ओर से की गई छंटनी की शृंखला में एडब्ल्यूएस में की गई यह छंटनी नवीनतम है। अमेजन की क्लाउड कंप्यूटिंग शाखा एडब्ल्यूएस ने कहा है कि छंटनी में प्रभावित कर्मचारियों में कंपनी के बिक्री, विपणन और वैश्विक सेवा प्रभाग और फिजिकल  स्टोर्स टेक्नोलॉजी टीम से जुड़े कर्मचारी शामिल हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें