सेबी ने कथित वित्तीय कदाचार के लिए पचेली इंडस्ट्रियल फाइनेंस और 6 अन्य पर प्रतिबंध लगाया
बाजार नियामक सेबी ने कथित वित्तीय अनियमितताओं और शेयर हेरफेर के लिए गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी पचेली इंडस्ट्रियल फाइनेंस और छह अन्य इकाइयों को अगले आदेश तक प्रतिभूति बाजार से प्रतिबंधित कर दिया है।
पचेली इंडस्ट्रियल फाइनेंस लिमिटेड (पीआईएफएल) के अलावा, अभिजीत ट्रेडिंग कंपनी लिमिटेड, कैलिक्स सिक्योरिटीज प्राइवेट लिमिटेड, हिबिस्कस होल्डिंग्स, एवेल फाइनेंशियल सर्विसेज, एडॉप्टिका रिटेल इंडिया और सल्फर सिक्योरिटीज, वे छह संस्थाएं हैं जिन्हें बाजार से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
गुरुवार को पारित अंतरिम आदेश में सेबी ने खुलासा किया कि पीआईएफएल ने गैर-प्रवर्तक के रूप में वर्गीकृत छह संस्थाओं से 1,000 करोड़ रुपये का ऋण प्राप्त किया। इन ऋणों को तरजीही आवंटन के माध्यम से इक्विटी में परिवर्तित कर दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप ऋणदाताओं को 51 करोड़ से अधिक शेयर जारी किये गए।
ईडी ने पीएमएलए मामले में वाटिका लिमिटेड की 68 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की
प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को बताया कि उसने गुरुग्राम स्थित रियल एस्टेट समूह वाटिका लिमिटेड की 68 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की है। यह संपत्ति धन शोधन की जांच के तहत कुर्क की गई है। यह जांच समूह की भावी परियोजनाओं में धन जमा करने वाले निवेशकों के साथ कथित धोखाधड़ी से जुड़ी है।
एजेंसी ने एक बयान में कहा कि धन शोधन का यह मामला दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की 2021 की प्राथमिकी से उपजा है, जो कंपनी, उसके प्रमोटरों अनिल भल्ला, गौतम भल्ला और अन्य के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और बेईमानी से निर्दोष निवेशकों/खरीदारों को लुभाने के अपराधों से संबंधित है।
ईडी ने बताया कि वाटिका लिमिटेड से संबंधित 'बिल्डर-निवेशक' मामले में 68.59 करोड़ रुपये मूल्य की 27.36 एकड़ कृषि भूमि सहित नौ अचल संपत्तियों को कुर्क करने के लिए गुरुवार को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत एक अनंतिम आदेश जारी किया गया है। प्रतिक्रिया के लिए कंपनी से संपर्क नहीं किया जा सका।
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.714 अरब डॉलर घटकर 625.871 अरब डॉलर हुआ
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 10 जनवरी को समाप्त सप्ताह में 8.714 अरब डॉलर घटकर 625.871 अरब डॉलर रह गया। आरबीआई ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पहले भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा था कि 3 जनवरी को समाप्त सप्ताह में कुल जमा 5.693 अरब डॉलर घटकर 634.585 अरब डॉलर रह गया। पिछले कुछ हफ़्तों से विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट का रुख रहा है और इस गिरावट का कारण रुपये में उतार-चढ़ाव को कम करने के लिए आरबीआई द्वारा विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप के साथ-साथ पुनर्मूल्यांकन को माना जा रहा है। सितंबर के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 704.885 बिलियन अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
भारत का रत्न-आभूषण निर्यात दिसंबर में 10.29% घटकर 1,968 मिलियन डॉलर रहा: जीजेईपीसी
जीजेईपीसी ने शुक्रवार को कहा कि भू-राजनीतिक तनाव और चीन में मांग में कमी के कारण कुल रत्न एवं आभूषण निर्यात सालाना आधार पर 10.29 प्रतिशत घटकर 1967.98 मिलियन अमेरिकी डॉलर (16,719.460 करोड़ रुपये) रह गया। उद्योग के शीर्ष निकाय रत्न और आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (जीजेईपीसी) के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2023 में रत्न और आभूषण निर्यात 2,193.82 मिलियन अमरीकी डॉलर (18,269.7 करोड़ रुपये) रहा।
जीजेईपीसी के चेयरमैन विपुल शाह ने कहा, "भू-राजनीतिक तनाव से समग्र मांग प्रभावित हो रही है। चीन सहित प्रमुख निर्यात गंतव्यों में मांग में कमी से भी निर्यात प्रभावित हुआ है।"
दिसंबर में कटे और पॉलिश किए गए हीरों (सीपीडी) का कुल निर्यात 10.36 प्रतिशत घटकर 773.1 मिलियन अमरीकी डॉलर (6,569.7 करोड़ रुपये) रह गया, जबकि 2023 की इसी अवधि में यह 862.48 मिलियन अमरीकी डॉलर (7,182.53 करोड़ रुपये) था।