सरकार की ओर से 22 जनवरी को आधे दिन का अवकाश घोषित करने के बाद शुक्रवार को भारतीय रिजर्व बैंक ने भी बड़ा एलान किया है। आरबीआई के अनुसार 22 जनवरी को मुद्रा बाजार सुबह 9 बजे के बजाय दोपहर 2.30 बजे खुलेंगे। केंद्र सरकार ने अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को देखते हुए आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है।
अयोध्या में राम मंदिर की सर्वोच्च प्रतिष्ठा के दिन 22 जनवरी को रिजर्व बैंक के कार्यालयों में 2,000 रुपये के नोटों को बदलने और जमा करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने सोमवार को केंद्र सरकार के प्रतिष्ठानों को आधे दिन के लिए बंद करने का आदेश जारी किया था। देश भर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, बीमा कंपनियां, वित्तीय संस्थान और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (आरआरबी) 22 जनवरी को आधे दिन के लिए बंद रहेंगे।
केंद्रीय बैंक ने एक बयान में कहा, "2000 रुपये के बैंक नोटों को बदलने/जमा करने की सुविधा सोमवार, 22 जनवरी, 2024 को भारतीय रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में से कहीं भी उपलब्ध नहीं होगी।" यह सुविधा मंगलवार, 23 जनवरी, 2024 को फिर से शुरू होगी। पिछले साल 19 मई को आरबीआई ने 2,000 रुपये के नोट को चलन से हटाने की घोषणा की थी।"
प्रचलन में 2,000 रुपये के बैंक नोटों का कुल मूल्य, जो 19 मई, 2023 को कारोबार की समाप्ति पर 3.56 लाख करोड़ रुपये था (जब करेंसी नोटों को वापस लेने घोषणा की गई थी)। 29 दिसंबर, 2023 को बाजार में कारोबार की समाप्ति के बाद यह घटकर 9,330 करोड़ रुपये हो गया।
19 मई, 2023 तक प्रचलन में मौजूद 2000 रुपये के नोटों का 97.38 प्रतिशत 29 दिसंबर, 2023 तक बैंकिंग प्रणाली में वापस आ गया था। 2,000 रुपये के बैंक नोट नवंबर 2016 में 1,000 रुपये और 500 रुपये के बैंक नोटों के को चलन से बाहर करने के बाद लाए गए थे। 2,000 रुपये के बैंक नोट अब भी वैध मुद्रा बने हुए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने कहा है कि शनिवार को भी शेयर बाजार में पूरे दिन के लिए कारोबार होगा। बाजार सुबह 9 बजे बाजार खुलेगा और इसमें शाम 3.30 बजे तक कारोबार होगा। इसके बदले सोमवार को बाजार बंद रहेगा। सोमवार को अयोध्या में रामलला का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम है। इससे पहले खबर आई थी शनिवार को बीएसई और एनएसई पर लाइव ट्रेडिंग सेशन चलेगा। इसमें नकद और वायदा कारोबार दोनों सेगमेंट में ट्रेडिंग होगी। शनिवार को सभी कैश और एफएंडओ शेयरों में 5% का सर्किट होगा। हालांकि, 2% सर्किट वाली कंपनियों के सर्किट में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। अब तक की जानकारी के अनुसार शनिवार को किए गए सौदों का निपटारा सोमवार को किया। दूसरी ओर बीएसई ने सूचना जारी कर कहा है कि सोमवार 22 जनवरी को बाजार में पूरे दिन कारोबार बंद रहेगा।