फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक बिटक्वाइन खरीदने में खर्च करने पड़ेंगे 6.7 लाख, 10 हजार डॉलर के पार पहुंची कीमत

Wed, 29 Nov 2017 05:43 PM IST
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
bitcoin
विज्ञापन
बहुचर्चित क्रिप्टो करेंसी बिटक्वाइन का मूल्य बुधवार को पहली बार 10,000 डॉलर के पार पहुंच गया, जो लगभग 6,68,000 रुपये के बराबर है। इस गुप्त मुद्रा के मूल्य में निरंतर दर्ज की जा रही भारी तेजी के चलते निवेशक एक ओर जहां मालामाल हो रहे हैं, वहीं उनमें बुलबुला किसी भी वक्त फूट जाने का डर भी सता रहा है।
विज्ञापन


ब्लूमबर्ग न्यूज के मुताबिक वर्चुअल करेंसी बिटक्वाइन ने एशिया में 10,379 डॉलर का ऊपरी स्तर छू लिया है, जो इस साल की शुरुआत में इसके मूल्य के मुकाबले 10 गुना से भी अधिक है। 2009 में जब बिटक्वाइन की शुरुआत हुई थी, तब इसकी एक यूनिट का मूल्य महज 15 पैसे था।

मुद्रा आठ साल पहले वजूद में आई थी
बिटक्वाइन की शुरुआत 2009 में एक इनक्रिप्टेड सॉफ्टवेयर के साथ हुई। माना जाता है कि इस सॉफ्टवेयर का कोड एक साधारण व्यक्ति ने लिखा था, जिसका नाम जापानी नाम से मिलता-जुलता है। बिटक्वाइन की हालांकि कोई वैधानिक विनिमय दर नहीं होती है।
विज्ञापन


इसे किसी भी देश के केंद्रीय बैंक का समर्थन प्राप्त नहीं है। कई देशों ने इसे लेकर चिंता जाहिर की है। इसकी ट्रेडिंग एक विशेष प्लेटफॉर्म पर होती है। इसके सहारे आप लंदन में एक ग्लास बियर से लेकर मेनीक्योर तक के लिए भुगतान कर सकते हैं। इस करेंसी में हालांकि लेन-देन कम और ट्रेडिंग ज्यादा हो रही है।

दो सप्ताह में 45 फीसदी हुआ मजबूत
गत महीने प्रमुख एक्सचेंज सीएमई ग्रुप ने कहा था कि वह बिटक्वाइन के लिए एक मार्केटप्लेस लांच करेगा। इससे इस मुद्रा को काफी मजबूती मिली। गत दो सप्ताह में ही इसका मूल्य 45 फीसदी चढ़ गया है। जनवरी 2017 में एक बिटक्वाइन की कीमत 752 डॉलर पर थी। इससे पहले इसे किसी भी प्रमुख एक्सचेंज पर सूचीबद्ध नहीं किया गया है।

बुलबुला फूटने का सता रहा है डर
बिटक्वाइन में भारी मजबूती से निवेशकों में चिंता भी पैदा हुई है। इसके आलोचकों का कहना है कि इसमें पहले कई बड़े उतार-चढ़ाव हुए हैं। मंगलवार को न्यूयार्क में एक क्रिप्टोकरेंसी सम्मेलन में हेज फंड प्रबंधक माइक नोवोग्रैट्ज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह एक बुलबुला है और इसमें काफी सारा झाग है।

यह हमारे जीवन का सबसे बड़ा बुलबुला साबित हो सकता है। कई अन्य प्रतिभागियों ने हालांकि एक निवेश विकल्प के रूप में इसकी सराहना की। सिंगापुर के सैक्सो बैंक के मैक्रो व क्रिप्टो रणनीतिकार के वान-पीटरसन ने कहा कि मुझे लगता है कि इसमें और तेजी आएगी। यह अगले छह से 18 माह में 50,000 से 1,00,000 डॉलर का स्तर छू सकता है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें