Bank Strike: बैंक कर्मचारियों की यूनियन ने 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल की धमकी दी है। बैंक कर्मचारियों का संघ 5 दिवसीय सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।
बैंक कर्मचारियों के संघों ने 27 जनवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने की धमकी दी है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के तत्वावधान में बैंक कर्मचारियों के संघों ने 5 दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर 27 जनवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।
विज्ञापन
ऐसे में अगर यह हड़ताल होती है, तो इसका प्रभाव मुख्य रूप से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कामकाज पर लगातार तीन दिनों तक पड़ेगा, क्योंकि 25 और 26 जनवरी को छुट्टी है। मालूम हो कि वर्तमान में बैंक कर्मचारियों को रविवार के अलावा प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे शनिवार को छुट्टी मिलती है। मार्च 2024 में वेतन संशोधन समझौते के दौरान इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूएफबीयू के बीच शेष दो शनिवारों को अवकाश घोषित करने पर सहमति बनी थी।
सरकार हमारी मांग पर ध्यान नहीं दे रही: यूएफबीयू
यूएफबीयू ने एक बयान में कहा,'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार हमारी जायज मांग पर कोई जवाब नहीं दे रही है। मैन-आवर्स का कोई नुकसान नहीं होगा, क्योंकि हम सोमवार से शुक्रवार तक हर दिन 40 मिनट अधिक काम करने पर सहमत हो गए हैं।'
विज्ञापन
संगठन ने दी ये दलील
इसमें कहा गया है कि आरबीआई, एलआईसी, जीआईसी आदि पहले से ही सप्ताह में 5 दिन काम कर रहे हैं, साथ ही विदेशी मुद्रा बाजार, मुद्रा बाजार, शेयर बाजार आदि शनिवार को बंद रहते हैं। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार के कार्यालय भी शनिवार को बंद रहते हैं। इसलिए इसमें कहा गया है कि बैंकों द्वारा 5-दिवसीय सप्ताह शुरू न करने का कोई कारण नहीं है।