फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ATF-LPG Prices: एटीएफ की कीमत में 7.5% की भारी वृद्धि, वाणिज्यिक एलपीजी की दर में 58.5 रुपये की हुई कटौती

Tue, 01 Jul 2025 01:37 PM IST
कुमार विवेक बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

ATF-LPG Prices: विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में मंगलवार को 7.5 प्रतिशत की बड़ी वृद्धि की गई। दूसरी ओर, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाला एलपीजी 58.50 रुपये प्रति सिलेंडर सस्ता हो गया है। आइए इस बारे में विस्तार से जानें।
विज्ञापन
कच्चा तेल आयात के बिल में आई कमी - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में मंगलवार को 7.5 प्रतिशत की बड़ी वृद्धि की गई। दूसरी ओर, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाला एलपीजी 58.50 रुपये प्रति सिलेंडर सस्ता हो गया है। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क दरों में बदलाव के कारण कीमतों में उतार-चढ़ाव हुआ है।

विज्ञापन


सरकारी स्वामित्व वाले खुदरा ईंधन विक्रेताओं के अनुसार, कीमतों में तीन दौर की कटौती के बाद राष्ट्रीय राजधानी में विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमत 6,271.5 रुपये प्रति किलोलीटर या 7.5 प्रतिशत बढ़कर 89,344.05 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई। राजधानी देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है। यह वृद्धि अप्रैल से अब तक तीन मासिक किस्तों में लागू की गई कुल कटौती का आधा है।

एटीएफ की कीमत आखिरी बार एक जून को 2,414.25 रुपये प्रति किलोलीटर (2.82 प्रतिशत) घटाकर 83,072.55 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई थी। उससे पहले एक मई को कीमतों में 4.4 प्रतिशत (3,954.38 रुपये प्रति किलोलीटर) की कटौती की गई थी और एक अप्रैल को 6.15 प्रतिशत (5,870.54 रुपये प्रति किलोलीटर) की भारी कटौती की गई थी।
विज्ञापन


एटीएफ की कीमत में यह वृद्धि पिछले महीने ईरान पर इस्राइल के हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में आई तेजी कारण की गई है। इस वृद्धि से वाणिज्यिक एयरलाइनों पर बोझ बढ़ेगा, जिनके परिचालन लागत में ईंधन का हिस्सा लगभग 40 प्रतिशत होता है। मूल्य वृद्धि के प्रभाव पर एयरलाइनों से तत्काल कोई टिप्पणी प्राप्त नहीं हो सकी।

मुंबई में एटीएफ की कीमत 77,602.73 रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़ाकर 83,549.23 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई, जबकि चेन्नई और कोलकाता में इसकी कीमत क्रमश: 92,526.09 रुपये और 92,705.74 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई। वैट जैसे स्थानीय करों के आधार पर दरें अलग-अलग शहरों में अलग-अलग होती हैं।

ये भी पढ़ें: Economy: 'निजी निवेश बढ़ा पर अब भी बहुत कुछ किया जाना बाकी', भारत में हुए सुधारों पर स्पेन में बोलीं सीतारमण

इसके साथ ही तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 58.5 रुपये की कटौती की है। अब राष्ट्रीय राजधानी में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 1,665 रुपये और मुंबई में 1,616.50 रुपये होगी।

यह वाणिज्यिक एलपीजी दरों में लगातार चौथी कटौती है। पिछली बार 1 जून को 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में 24 रुपये की कटौती की गई थी। उससे पहले 1 मई को 14.50 रुपये और 1 अप्रैल को 41 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की गई थी। कुल मिलाकर, अप्रैल से अब तक कीमतों में 138 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की गई है।

जबकि तेल की कीमतें उबल रही हैं, गर्मी के महीनों में कम मांग के कारण बेंचमार्क एलपीजी की दरें कम हो गई हैं। एटीएफ और एलपीजी की कीमतें वैट सहित स्थानीय करों के आधार पर राज्य दर राज्य अलग-अलग होती हैं।

हालांकि, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 853 रुपये प्रति 14.2 किलोग्राम पर अपरिवर्तित रही। अप्रैल में घरेलू रसोई गैस की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी।सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) हर महीने की पहली तारीख को बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय ईंधन की औसत कीमत और विदेशी विनिमय दर के आधार पर एटीएफ और रसोई गैस की कीमतों में बदलाव करती है। 
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: HSBC PMI: भारत का विनिर्माण क्षेत्र जून में 14 महीने के उच्चतम स्तर पर, निर्यात और नौकरियों में उछाल

वहीं, पेट्रोल और डीजल की घरेलू दरें स्थिर बनी हुई हैं। पिछले साल मार्च के मध्य में आम चुनावों से पहले कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर है, जबकि डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें