सार
जेएलएल इंडिया ने कहा, 2023 के पहले नौ महीनों में अपार्टमेंट की बिक्री 1,96,227 इकाई रही है। 2022 की समान अवधि में देश के सात प्रमुख शहरों में कुल 1,61,575 अपार्टमेंट बिके थे। मुंबई में मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे व नवी मुंबई को शामिल किया गया है।
होम लोन की ब्याज दरों में वृद्धि और आवासीय संपत्तियों की बढ़ती कीमतों के बावजूद देश के सात प्रमुख शहरों में अपार्टमेंट की बिक्री 2023 में 15 वर्ष के उच्च स्तर पर पहुंच सकती है। रियल एस्टेट परामर्श कंपनी जेएलएल इंडिया की बृहस्पतिवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अपार्टमेंट की बिक्री 20 फीसदी बढ़कर 2.6 लाख इकाई पहुंच सकती है। बिक्री का यह आंकड़ा 2008 के बाद से सबसे अधिक होगा। पिछले साल सात प्रमुख शहरों दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, बंगलूरू और पुणे में 2,15,621 अपार्टमेंट बिके थे।
नौ महीने में बिक्री 1.96 लाख के पार
जेएलएल इंडिया ने कहा, 2023 के पहले नौ महीनों में अपार्टमेंट की बिक्री 1,96,227 इकाई रही है। 2022 की समान अवधि में देश के सात प्रमुख शहरों में कुल 1,61,575 अपार्टमेंट बिके थे। मुंबई में मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे व नवी मुंबई को शामिल किया गया है।
खरीदारों की धारणा सकारात्मक, नए साल में 3 लाख तक पहुंचेगा आंकड़ा
जेएलएल के भारत में अनुसंधान प्रमुख व मुख्य अर्थशास्त्री सामंतक दास ने कहा, 2023 में 2.80 लाख अपार्टमेंट लॉन्च किए जा सकते हैं। अगले साल बिक्री 2.90 लाख से तीन लाख इकाई के बीच रहने की उम्मीद है। आंकड़े बताते हैं कि कीमतों में उछाल के बावजूद मांग मजबूत बनी हुई है। इससे घरेलू आवासीय श्रेणी में धारणा सकारात्मक बनी हुई है। मकान खरीदारों का रवैया भी उत्साहजनक है।
हाल के वर्षों में बदली है मानसिकता
एचडीएफसी कैपिटल समर्थित रेलॉय के संस्थापक अखिल सर्राफ ने कहा, हाल के वर्षों में रियल्टी उद्योग में परिवर्तन आया है। नियामकों, आपूर्तिकर्ताओं और उपभोक्ताओं की मानसिकता बदली है।