शेयर बाजारों ने अमेरिका में कथित रिश्वत मामले और उसके बाद केन्या के हवाईअड्डा विस्तार सौदे को रद्द करने के संबंध में अदाणी समूह की ओर से जरूरी खुलासों से जुड़े मापदंडों के उल्लंघन पर स्पष्टीकरण मांगा है। अमेरिका में शुरू हुए नए विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया में अदाणी समूह की कंपनियों ने गुरुवार को कहा था कि "कंपनी के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है"। अमेरिका में रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के आरोपों के बाद केन्या की ओर से हवाई अड्डे के विस्तार और ऊर्जा सौदों को रद्द करने के संबंध में स्पष्टीकरण के लिए समूह ने अब तक शेयर बाजारों को कोई जानकारी नहीं दी है।
हालांकि सेबी अधिकारियों की ओर से इस बारे में अब तक कोई टिप्पणी नहीं की गई, लेकिन विशेषज्ञों ने कहा कि यदि कोई प्रकटीकरण या अन्य उल्लंघन हुआ है तो नियामक को निश्चित रूप से इसकी जांच करनी होगी और आवश्यक कार्रवाई करनी होगी।अरबपति गौतम अदाणी, उनके भतीजे सागर अडानी और अन्य पर अमेरिकी अभियोजकों ने सौर ऊर्जा अनुबंधों के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को 265 मिलियन अमरीकी डालर (लगभग 2,200 करोड़ रुपये) की रिश्वत देने की एक विस्तृत योजना का कथित रूप से हिस्सा होने का आरोप लगाया है।
इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में किए गए दावों के अनुसार अमेरिका में लगे आरोपों के बाद अदाणी समूह एक बार फिर सेबी की जांच के घेरे में है। बाजार नियामक सेबी इस बात की जांच कर रहा है कि अदाणी समूह ने बाजार में होने वाली गतिविधियों के खुलासे के अनिवार्य नियमों का उल्लंघन किया है या नहीं। नियामक ने स्टॉक एक्सचेंजों से इस संबंध में जानकारी देने को कहा है।
सेबी ने स्टॉक एक्सचेंजों बीएसई और एनएसई ने कहा है कि वे बताएं कि अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने रिश्वतखोरी के आरोपों में उनके खिलाफा अमेरिकी न्याय विभाग की जांच का खुलासा किया है या नहीं। माना जा रहा है कि इस प्रक्रिया में दो सप्ताह लग सकते हैं। इसके बाद सेबी यह निर्णय करेगा कि वह समूह के खिलाफ जांच को आगे बढ़ाएगा या नहीं। सेबी ने पहले भी खुलासा से जुड़े नियमों का पालन किया गया या नहीं इस बारे में समूह की जांच की थी।
सेबी की जांच का मुख्य केंद्र बिंदु 15 मार्च को आई एक मीडिया रिपोर्ट है, जिसमें दावा किया गया था कि अमेरिकी अभियोजक जांच कर रहे थे कि क्या अदाणी की कोई कंपनी या उससे जुड़े लोग अधिकारियों को एक सोलर प्रोजेक्ट का ठेका फाइनल करने के लिए रिश्वत दे रहे हैं। हालांकि, समूह ने कहा था कि हमारे चेयरमैन के खिलाफ किसी भी जांच के बारे में जानकारी नहीं है। समूह की ओर से 19 मार्च को शेयर बाजारों को दी जानकारी में अदाणी ग्रीन ने कहा था कि उसे पता है कि किसी तीसरे पक्ष द्वारा अमेरिकी भ्रष्टाचार रोधी कानूनों के संभावित उल्लंघन की जांच चल रही है।