अदाणी ग्रुप से संबंधित हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में अब एक नया चायनीज कनेक्शन सामने साया है। हिंडनबर्ग ने कहा है कि अदाणी समूह ने अब तक कई सवालों का सीधा जवाब नहीं दिया है। अदाणी समूह ने चीनी नागरिक चांग चुंग-लिंग के साथ अपने संबंधों के बारे में अब तक कुछ नहीं बताया है। अदाणी समूह ने यह भी नहीं बताया है कि विनोद अदाणी के साथ उनका क्या कनेक्शन है।
हिंडनबर्ग की ओर से जारी ताजा बयान के मुताबिक चांग लिंग उर्फ लिंगो चांग की ओर से संचालित कंपनी गुदामी इंटरनेशनल अगस्ता वेस्टलैंड स्कैंडल से कनेक्शन है। अगस्ता वेस्टलैंड काफी चर्चित स्कैंडल रहा है जिसमें हेलीकॉप्टर की खरीद के वक्त भ्रष्टाचार की बात सामने आई थी। हिंडनबर्ग के अनुसार चांग चुंग लिंग का बेटा अदाणी समूह के पीएमसी प्रोजेक्स में बड़ा ठेकेदार था। हिंडनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि 2002 में अदाणी एक्सपोर्ट्स (जिसका नाम बदलकर अदाणी एंटरप्राइजेज किया गया) ने खुलासा किया था कि गुदामी इंटरनेशनल एक रिलेटिड पार्टी थी। हिंडनबर्ग ने आशंका जताई है कि गुदामी अदाणी ग्लोबल में शेयरधारक हो सकती है।
हिंडनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि चांग-चुंग लिंग का नाम डीआरआई की 2014 की एक रिपोर्ट में भी आया था। डीआरआई के अनुसार गौतम अदाणी ने इलेक्ट्रोजेन इंफ्रा होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक के रूप में कार्य किया है। जिस दिन उन्होंने निदेशक का पद छोड़ा उस दिन उनका स्थान विनोद अदाणी ने ले लिया। इतना ही नहीं कई आपराधिक जांच में गुदामी के निदेशक व शेयरधारक चांग चुंग लिंग को डीआरआई ने अदाणी ग्रुप की कंपनियों का निदेशक बताया था।