देश के हवाई यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। शीतकालीन उड़ान शेड्यूल 2025 तय कर दिया गया है, जिसमें इस बार लगभग 6 प्रतिशत उड़ानों की वृद्धि की गई है। नया शेड्यूल 26 अक्तूबर 2025 से 28 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगा। डीजीसीए के अनुसार, इस सीजन में हर हफ्ते 26,495 उड़ानें संचालित की जाएंगी, जबकि पिछले साल यह संख्या 25,007 थी। यानी यात्रियों को इस बार ज्यादा फ्लाइट ऑप्शन, बेहतर रूट कनेक्टिविटी और तेज ट्रैवल सर्विस का अनुभव मिलेगा।
इस बार के शीतकालीन शेड्यूल 2025 में चार नए एयरपोर्ट जोड़े गए हैं। इनमें अमरावती (महाराष्ट्र), हिस्सार (हरियाणा), पूर्णिया (बिहार) और रूपसी (असम) शामिल है। इन एयरपोर्ट्स से अब नियमित उड़ान सेवाएं शुरू होंगी, जिससे यात्रियों को नए रूट्स पर सफर का मौका मिलेगा। वहीं, कुछ एयरपोर्ट्स से उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। इनमें अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट, भावनगर, लुधियाना, पाक्योंग और श्रावस्ती शामिल हैं। कुल मिलाकर इस बार 126 एयरपोर्ट्स से उड़ानें संचालित होंगी, जबकि गर्मियों के शेड्यूल 2025 में यह संख्या 129 थी।
डीजीसीए का कहना है कि, इस बार उड़ानों की संख्या बढ़ाने से हवाई टिकटों की कीमतों पर नियंत्रण बना रहेगा। साथ ही यात्रियों को फ्लाइट के समय और विकल्पों में भी अधिक सुविधा मिलेगी।
आमतौर पर सर्दियों में एयर ट्रैफिक में इजाफा देखा जाता है, क्योंकि यह छुट्टियों और त्योहारों का मौसम होता है। इसी को देखते हुए एयरलाइनों ने यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने और बेहतर सेवा देने के लिए अपनी उड़ानों का विस्तार किया है। इस नए शेड्यूल से छोटे शहरों को बड़ी राहत, बढ़ेगी देश के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी इलाकों की कनेक्टिविटी
शीतकालीन शेड्यूल 2025 देश के छोटे और मध्यम शहरों के लिए राहत लेकर आया है। नई उड़ानों की शुरुआत से पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और मध्य भारत की हवाई कनेक्टिविटी में सुधार होगा। खास तौर पर पूर्णिया (बिहार) और रूपसी (असम) जैसे नए एयरपोर्ट्स से शुरू होने वाली सेवाएं इन क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर और किफायती हवाई सफर का विकल्प देंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
शीतकालीन शेड्यूल 2025 में भी इंडिगो (IndiGo) ने अपनी बादशाहत बरकरार रखी है। इस बार उसे 15,014 साप्ताहिक उड़ानों की मंजूरी मिली है, जिससे वह देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन बनी हुई है। जबकि एयर इंडिया को 4,277 उड़ानें, एआई एक्सप्रेस को 3,171 उड़ानें, स्पाइसजेट को 1,568 उड़ानें,
अगर गर्मियों के शेड्यूल से तुलना की जाए, तो इस बार उड़ानों की संख्या में 3.46% की बढ़ोतरी हुई है। जहां SS25 में प्रति सप्ताह 25,610 उड़ानों की मंजूरी थी, वहीं अब शीतकालीन शेड्यूल में यह बढ़कर 26,495 हो गई है। सबसे बड़ी छलांग स्पाइसजेट ने लगाई है, जिसकी उड़ानें गर्मियों की तुलना में 26.45 प्रतिशत बढ़ी हैं। वहीं इंडिगो, स्टार एयर और इंडिया वन ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके विपरीत एआई एक्सप्रेस, आकाश एयर और एयर इंडिया की उड़ानों में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है।