देश के दिग्गज कारोबारी समूह टाटा में जारी उठा-पठक का असर कंपनियों के शेयरों पर देखने को मिल रहा है। टाटा के बोर्ड द्वारा सायरस मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटाए जाने के बाद टाटा ग्रुप की पांच लिस्टेड कंपनियों के मार्केट वैल्यू के लिहाज से शेयर बाजार में केवल दो सत्रों के दौरान करीब 17000 करोड़ स्वाहा हो गए।
सायरस को अचानक पद से हटाए जाने से शेयर बाजार निवेशक अचंभे में हैं और इसी ऊहा-पोह के स्थिति में वह शेयरों की बिकवाली कर रहे हैं। शेयर बाजार में टाटा ग्रुप की सभी लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में पिछले दो दिनों में जबरदस्त बिकवाली देखी जा रही है।
जानकारों की मानें तो सायरस को हटाने के कारण टाटा ग्रुप के कर्ज को कम करने और कुछ कारोबारों की रीस्ट्रक्चिंग करने के प्रयासों को झटका लगेगा। सिटी ग्रुप के अनुसार सायरस की अगुवाई में टाटा ग्रुप ने काफी बदलाव देखे थे।
उनके कार्यकाल में कैपिटल का सही प्रकार से उपयोग किया जा रहा था। उनको हटाए जाने से कंपनी की तरक्की की राह में रोड़ा आएगा। टीसीएस की मार्केट वैल्यू में 7,788 करोड़ कि गिरावट देखी गई, जबकि टाटा मोटर्स से 6100 करोड़ स्वाहा हो गए।