घरेलू चीनी उत्पादकों को आयातित सस्ती चीनी से राहत देने के लिए सरकार ने चीनी पर आयात शुल्क 25 फीसदी से बढ़ा कर 40 फीसदी करने का निर्णय लिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया। यहां जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक खुले सामान्य लाइसेंस (ओजीएल) के तहत आयात होने वाली चीनी पर अब 25 फीसदी के बजाय 40 फीसदी का शुल्क लगेगा।
इससे घरेलू चीनी उत्पादकों को सस्ते आयात से मुक्ति मिल सकेगी। यही नहीं, सरकार ने शुल्क मुक्त आयात ऑथराइजेशन योजना (डीएफआईए) को भी वापस ले लिया है।
उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत देशी निर्यातक कच्ची चीनी का शुल्क मुक्त आयात कर सकते थे, ताकि जरूरी प्रसंस्करण के बाद उसे फिर से बाहर भेजा जा सके।