शेयर बाजार में आज भारी गिरावट देखने को मिल रही है। लगातार दो दिनों से सुस्ती के बीच आज दिन के कारोबार के दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 883 अंक टूटकर 59,217 के स्तर पर आ गया। इसके साथ ही निफ्टी में भी बड़ी गिरावट आई है और यह 248 अंक टूटकर 17,689 के स्तर पर पहुंच गया।
लाल निशान पर हुई थी शुरुआत
इससे पहले मिले-जुले वैश्विक संकेतों के बीच सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को शेयर बाजार की शुरुआत लाल निशान पर हुई थी। सेंसेक्स 131 अंक टूटकर 60 हजार के नीचे आकर 59,967 के स्तर पर खुला था। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी सूचकांक ने 29 अंक की गिरावट के साथ 17,914 के स्तर पर कारोबार शुरू किया था।
निवेशकों को तीन दिनों में भारी नुकसान
सप्ताह के पहले दिन सोमवार को शेयर बाजार में चल रही बढ़त के दौरान सेंसेक्स 61,385 के स्तर पर पहुंच गया था। उस समय बीएसई पर लिस्टेड सभी कंपनियों की कुल वैल्यू 2,80,02,438 करोड़ रुपये थी। फिर बाजार में गिरावट का दौर शुरू हुआ और बुधवार को वैल्यू कम होकर 2,74,85,912 करोड़ पर आ गई और इसके चलते निवेशकों को 5.15 लाख करोड़ रुपये का भारी नुकसान हुआ। वहीं आज की बड़ी गिरावट के बाद यह घाटा और भी बढ़ गया है।
बुधवार को 656 अंक टूटा था सेंसेक्स
बुधवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। दिनभर के कारोबार के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी में जोरदार गिरावट का दौर जारी रहा था। इस बीच दिन के कारोबार में सेंसेक्स 783 अंक तक टूटकर 60 हजार के स्तर से नीचे 59,971 पर पहुंच गया था। इसके साथ ही एनएसई का निफ्टी भी 225 अंकों की भारी गिरावट के बाद 18000 के स्तर से नीचे तक लुढ़क गया। हालांकि, कारोबार के अंत में सेंसेक्स में कुछ सुधार हुआ और यह 656 अंक टूटकर 60,098 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 175 अंक गिरकर 17,938 के स्तर पर बंद हुआ था।