सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार के दोनों सूचकांक बढ़त के साथ खुले लेकिन दिनभर के उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद अंत में गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 110 अंक टूटकर 54,208 के स्तर पर बंद हुआ, जबकिन नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक 19 अंक फिसलकर 16,240 के स्तर पर बंद हुआ।
इससे पहले बीएसई का सेंसेक्स 231 अंक या 0.42 फीसदी ऊपर 54,549 के स्तर पर खुला था, जबकि एनएसई के निफ्टी ने 66 अंक या 0.41 फीसदी की उछाल लेते हुए 16,326 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की थी। बीते कारोबारी दिन मंगलवार को भी शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन हरे निशान पर खुलकर अंत में जोरदार बढ़त के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स सूचकांक 1345 अंक या 2.54 फीसदी की जबरदस्त बढ़त के साथ 54,318 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी सूचकांक 417 अंक या 2.63 फीसदी की तेजी लेते हुए 16,259 के स्तर पर बंद हुआ था।