सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार की शुरुआत हरे निशान पर हुई, लेकिन दिनभर के कारोबार के बाद अंत में दोनों इंडेक्स मामली गिरावट के साथ बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सूचकांक मामूली 38 अंक टूटकर 54,288 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज क निफ्टी सूचकांक 51 अंक टूटकर 16,215 के स्तर पर बंद हुआ।
इससे पहले बीएसई का सेंसेक्स 289 अंक या 0.53 फीसदी उछलकर 54,615 के स्तर पर खुला था, जबकि एनएसई के निफ्टी ने 78 अंक या 0.48 फीसदी की तेजी लेते हुए 16,344 के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की थी। बाजार खुलने के साथ लगभग 1563 शेयरों में तेजी, 531 शेयरों में गिरावट आई थी, वहीं 98 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ था। बीते कारोबारी सत्र की बात करें अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार सेंसेक्स 1534 अंक या 2.91 फीसदी की शानदार बढ़त लेते हुए 54,326 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी सूचकांक 457 अंक या 2.89 फीसदी की तेजी लेते हुए 16,266 के स्तर पर बंद हुआ था।
जोमैटो का घाटा बढ़कर 360 करोड़
ऑनलाइन फुड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने कहा है कि चौथी तिमाही में उसका घाटा बढ़कर 360 करोड़ रुपये हो गया है। एक साल पहले यह 134 करोड़ रुपये से ज्यादा था। दरअसल, खर्च में वृद्धि से कंपनी का घाटा बढ़ गया है। इसका कुल राजस्व 1,211.8 करोड़ रुपये रहा है जो एक साल पहले 692.4 करोड़ रुपये था। कुल खर्च चौथी तिमाही में 1,701 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले 885 करोड़ रुपये था।
आईएचसीएल का 300 होटल का लक्ष्य
ताज समूह को चलाने वाली इंडियन होटल कंपनी लि. (आईएचसीएल) ने कहा है कि वह 300 होटलों के पोर्टफोलियो को बनाने का लक्ष्य रखी है। साथ ही वह नए कारोबार को मजबूत देगी। इसने 100 होटल के लिए करार किया है और पिछले 5 सालों में 40 नए होटल खोले हैं। इससे यह तेजी से बढ़ने वाली हॉस्पिटालिटी कंपनी बन गई है।