सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार के दोनों इंडेक्स हरे निशान पर खुले, लेकिन दिनभर के कारोबार के बाद लाल निशान पर बंद हुए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 276 अंक या 0.51 फीसदी की गिरावट के साथ 54,088 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक 73 अंक या 0.45 फीसदी फिसलकर 16,167 के स्तर पर बंद हुआ।
इससे पहले बीएसई का सेंसेक्स 150 अंक या 0.28 फीसदी की तेजी के साथ 54,515 के स्तर पर खुला था, जबकि एनएसई के निफ्टी सूचकांक ने 48 अंक या 0.30 फीसदी की उछाल के साथ 16,288 के स्तर पर कारोबार शुरू किया था। मंगलवार की बात करें तो सेंसेक्स 106 अंक फिसलकर 54,365 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी सूचकांक 62 अंक की गिरावट के साथ 16,240 के स्तर पर बंद हुआ था।
यहां बता दें कि घरेलू शेयर बाजारों में पिछले चार कारोबारी दिवसों से गिरावट का जो सिलसिला जारी रहने से निवेशकों को 13.32 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण बुधवार तक चार कारोबारी सत्रों में 13,32,898.99 करोड़ रुपये घटकर 2,46,31,990.38 करोड़ रुपये रह गया। इसके साथ ही सेंसेक्स की बात करें तो बीते शुक्रवार से जारी गिरावट के दौर में अब तक सेंसेक्स 1,613.84 अंक यानी 2.89 प्रतिशत तक टूट चुका है।