वैश्विक बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में सुधार आने के बाद आज घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमत में वृद्धि दर्ज की गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत 45 रुपये बढ़कर 48,273 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। जबकि पिछले कारोबारी सत्र में सोने की कीमत 48,228 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
रुपये में भी तेजी
चांदी की बात करें, तो यह 407 रुपये महंगी हुई और 59,380 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। मंगलवार को चांदी 58,973 रुपये प्रति किलोग्राम थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,812 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर था और चांदी 23.34 डॉलर प्रति औंस पर सपाट रही। डॉलर के मुकाबले आज रुपये 10 पैसे की तेजी के साथ 73.91 के स्तर पर बंद हुआ।
इसलिए महंगा हुआ सोना-चांदी
इस संदर्भ में एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि, 'सोना अपनी सुबह की हानि से उबर गया। कोविड-19 के टीके के संदर्भ में हुई प्रगति और जो बाइडन के अमेरिकी राष्ट्रपति का कार्यभार संभालने की तैयारियों के बीच प्रोत्साहन पैकेज की उम्मीद बढ़ने से सोने की कीमतें चढ़ गईं।'
भारत के पास इतना है सोने का भंडार
मालूम हो कि वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (World Gold Council) की रिपोर्ट के अनुसार मौजूदा समय में भारत के पास 653 मीट्रिक टन सोना है। इसके साथ ही सबसे ज्यादा गोल्ड रिजर्व के मामले में भारत दुनिया में 9वें स्थान पर आता है। यह उसके कुल विदेशी मुद्रा भंडार का 7.4 फीसदी है।