दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमत में 357 रुपये की गिरावट आई। चांदी की बात करें, तो चांदी की कीमत में आज 532 रुपये की गिरावट आई है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत आज 50,253 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। पीली धातु पिछले कारोबार में 50,610 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। चांदी की कीमत आज 62,639 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
इस संदर्भ में एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि, 'दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमतों में 357 रुपये की गिरावट दर्ज की गई।' आज डॉलर के मुकाबले रुपया लगभग 32 पैसे मजबूत हुआ, जिससे कीमत प्रभावित हुई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में आज सोना 1,882 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी भी 24.57 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर थी।
भारत के पास इतना है सोने का भंडार
मालूम हो कि वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (World Gold Council) की रिपोर्ट के अनुसार मौजूदा समय में भारत के पास 653 मेट्रिक टन सोना है। इसके साथ ही सबसे ज्यागा गोल्ड रिजर्व के मामले में भारत दुनिया में 9वें स्थान पर आता है। यह उसके कुल विदेशी मुद्रा भंडार का 7.4 फीसदी है।
सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है भारत
भारत में सोने का आयात अगस्त में बढ़कर 3.7 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले साल इसी महीने में 1.36 अरब डॉलर था। चीन के बाद भारत सोने का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है। भारत में सोने पर 12.5 फीसदी आयात शुल्क और तीन फीसदी जीएसटी लगता है।
30 फीसदी कम हुई सोने की मांग: WGC
विश्व स्वर्ण परिषद (डब्ल्यूजीसी) की रिपोर्ट के अनुसार, कोरोना वायरस महामारी से जुड़े व्यवधानों तथा ऊंची कीमतों के कारण सितंबर तिमाही में भारत में सोने की मांग साल भर पहले की तुलना में 30 फीसदी कम होकर 86.6 टन पर आ गई। पिछले साल की सितंबर तिमाही में सोने की कुल मांग 123.9 टन रही थी। मूल्य के आधार पर, इस दौरान सोने की मांग पिछले साल के 41,300 करोड़ रुपये की तुलना में चार फीसदी कम होकर 39,510 करोड़ रुपये पर आ गई।