हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को हरे निशान पर खुलने के बावजूद बाजार में बिकवाली दिखी और दिन का कारोबार खत्म होते-होते यह एक महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया। बुधवार को सेंसेक्स सेंसेक्स 635 अंकों की गिरावट के साथ 61067 पर और निफ्टी 186 अंकों की गिरावट के साथ 18199 पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी में 741 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 42617 पर बंद हुआ। सबसे अधिक गिरावट मिडकैप शेयरों में दिखी और ये शेयर 1.58 फीसदी तक टूटे। हालांकि बाजार में फार्मा, हेल्थकेयर और आईटी इंडेक्स में मजबूती दिखी। फार्मा इंडेक्स में 2.39 फीसदी, हेल्थकेयर इंडेक्स में 2.67 फीसदी और आईटी इंडेक्स में 0.53 प्रतिशत की तेजी रही। बुधवार के कारोबारी सेशन में बाजार में सनफार्मा, एचसीएल, टीसीएस, टेक महिंद्रा और नेस्ले इंडिया टॉप गेनर्स रहे, जबकि इंडसइंड बैंक, मारुति सुजुकी और अल्ट्राटेक सीमेंट में सबसे ज्यादा गिरावट दिखी। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे टूटकर 82.80 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ।
एलकेपी सिक्योरिटीज के रिसर्च हेड एस. रंगनाथन ने कहा, "बेंचमार्क इंडेक्स चीन और अन्य जगहों पर कोविड के बढ़ते मामलों से डर के कारण फिर से लुढ़क गए, लेकिन आज की गिरावट प्रतिभागियों के लिए अधिक ध्यान देने वाले रहे क्योंकि स्क्रीन पर लाल रंग पैथोलॉजी लैब्स, अस्पतालों और कोविड से संबंधित दवाओं में शामिल फार्मा काउंटरों को छोड़कर सभी जगह छा गए। हेल्थकेयर और आईटी इंडेक्स को छोड़कर सभी इंडेक्स लाल रंग में बंद हुए। बेंचमार्क इंडेक्स हरे रंग में खुलने के बावजूद दोपहर के कारोबार में एक प्रतिशत से अधिक टूट गए। इससे पहले विकसित देशों के बाजारों में हरे निशान पर कारोबार हुआ था।"
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर के अनुसार "बियर्स ने घरेलू बाजार में कहर बरपाना जारी रखा, जबकि वॉल स्ट्रीट ने यूएस जीडीपी नंबर जारी होने से पहले अपने नुकसान को थोड़ा कम किया। बाजार में सभी सेक्टर लाल निशान पर कारोबार करते दिखे। सिर्फ फार्मा स्टॉक वैश्विक कोविड प्रकोप के नए डर के कारण हरे निशान पर कारोबार करते दिखे। आईटी स्टॉक्स में भी खरीदारी दिखी। बाजार केंद्रीय बैंक की विचार प्रक्रिया पर अधिक स्पष्टता के लिए आरबीआई की बैठक के मिनटों के जारी होने पर नजर रहेगी।"