एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख के बीच आज सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को शेयर बाजार दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 0.95 फीसदी की तेजी के साथ 437.49 अंक ऊपर 46444.18 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 1.00 फीसदी (134.80 अंक) की बढ़त के साथ 13,601.10 के स्तर पर बंद हुआ।
पिछले सप्ताह बीएसई मानक सूचकांक 861.68 अंक यानी 1.86 फीसदी मजबूत हुआ था। वर्ष 2020 में हुए पूरे नुकसान की भरपाई कर ली है। यह एक जनवरी 2020 को 41,306.02 पर बंद हुआ था। लेकिन विश्लेषकों के अनुसार, आगे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इसलिए निवेशकों को सावधानी बरतनी चाहिए।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज विप्रो, सिप्ला, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं हीरो मोटोकॉर्प, डिविस लैब, टाइटन, एनटीपीसी और पावर ग्रिड के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें फार्मा, आईटी, एफएमसीजी, फाइनेंस सर्विसेज, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, बैंक, पीएसयू बैंक, मीडिया, ऑटो और मेटल शामिल हैं।
लाल निशान पर खुला था बाजार
आज शेयर बाजार गिरावट पर खुला था। सेंसेक्स 55.68 अंक (0.12 फीसदी) की गिरावट के साथ 45951.01 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 0.15 फीसदी (19.80 अंक) नीचे 13446.50 के स्तर पर खुला था।
मंगलवार को बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
मंगलवार को शेयर बाजार दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 0.99 फीसदी की तेजी के साथ 452.73 अंक ऊपर 46006.69 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 1.03 फीसदी (137.90 अंक) की बढ़त के साथ 13,466.30 के स्तर पर बंद हुआ था।