भारत-चीन सीमा पर फिर झड़प की खबरों के बाद आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार जोरदार गिरावट पर बंद हुआ। जबकि पिछले छह कारोबारी दिनों से शेयर बाजार बढ़त पर बंद हो रहा था। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 2.13 फीसदी की गिरावट के साथ 839.02 अंक नीचे 38628.29 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 2.62 फीसदी नीचे 305.15 अंकों की गिरावट के साथ 11342.45 के स्तर पर बंद हुआ।
इस कारण बाजार में दिखी बिकवाली
भारत और चीन के सैनिकों के बीच एक बार फिर झड़प हुई है। बताया गया है कि 29 अगस्त की रात यह झड़प पेंगोंग त्सो झील के पास हुई है। सरकार ने इस पर कहा है कि हमारे जांबाज जवानों ने चीनी सैनिकों की घुसपैठ को नाकाम कर दिया है। वहीं, सूत्रों ने बताया है कि चीन 500 सैनिकों के साथ घुसपैठ करना चाहता था। इसके कारण बाजार में बिकवाली दिखी है।
रुपये ने गंवाया शुरुआती लाभ
घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट तथा अमेरिकी मुद्रा में मजबूती से सोमवार को रुपये ने शुरुआती लाभ गंवा दिया और यह 21 पैसे के नुकसान के साथ 73.60 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। फॉरेक्स डीलरों ने कहा कि भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव से निवेशकों की धारणा कमजोर हुई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 73.26 प्रति डॉलर पर मजबूती के रुख के साथ खुला। लेकिन बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच अंत में यह 21 पैसे के नुकसान के साथ 73.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
इससे पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 73.39 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान रुपये ने 73.25 प्रति डॉलर का उच्च स्तर तथा 73.80 प्रति डॉलर का निचला स्तर भी छुआ। रिलायंस सेक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक श्रीराम अय्यर ने कहा कि, 'भारत और चीन के बीच भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने के बीच डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट आई।' आज जून तिमाही के लिए सकल घरेलू उत्पाद के आंकड़े भी जारी हो सकते हैं।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज ओएनजीसी और टीसीएस के अतिरिक्त सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। शीर्ष गिरावट वाले शेयरों में सन फार्मा, एसबीआई, सिप्ला, बजाज फिन्सर्व, जी लिमिटेड, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी, इचर मोटर्स, बजाज फाइनेंस और श्री सीमेंट शामिल हैं।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें मेटल, एफएमसीजी, ऑटो, आईटी फार्मा, रियल्टी मीडिया, बैंक, पीएसयू बैंक, फाइनेंस सर्विस और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
हरे निशान पर खुला था बाजार
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 508.09 अंक यानी 1.29 फीसदी ऊपर 39975.45 के स्तर पर खुला था और निफ्टी 1.12 फीसदी यानी 129.95 अंकों की बढ़त के साथ 11777.55 के स्तर पर खुला था।इसके बाद दोपहर 1.40 बजे सेंसेक्स 682.41 अंक यानी 1.73 फीसदी नीचे 38784.90 के स्तर पर पहुंच गया था। वहीं निफ्टी 1.75 फीसदी यानी 203.65 अंकों की गिरावट के साथ 11443.95 के स्तर पर पहुंच गया था।
पिछले कारोबारी दिन बढ़त पर बंद हुआ था बाजार
पिछले छह कारोबारी दिन शेयर बाजार बढ़त पर बंद हूआ। शुक्रवार को सेंसेक्स 0.90 फीसदी की बढ़त के साथ 353.84 अंक ऊपर 39467.31 के स्तर पर बंद हुआ था और निफ्टी 0.83 फीसदी ऊपर 96 अंकों की बढ़त के साथ 11655.25 के स्तर पर बंद हुआ था।