शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन तेजी देखने को मिली और सेंसेक्स 391 अंक चढ़कर के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ है। वहीं सोने की कीमतें 30400 के पार हो गई हैं।
सेंसेक्स 391 अंक की बढ़त के साथ 37556.16 के स्तर पर और निफ्टी 116.10 अंक की तेजी के साथ 11360.80 के स्तर पर बंद हुआ है। आज के कारोबार में रियल्टी, ऑटो और आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिल रही है। निफ्टी का मेटल इंडेक्स आज 1.6 फीसदी, एफएमसीजी इंडेक्स 1.1 फीसदी, आईटी इंडेक्स 0.6 फीसदी, ऑटो इंडेक्स 0.4 फीसदी और रियल्टी इंडेक्स 0.6 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ है।
दिग्गज शेयरों के साथ ही मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जोश देखने को मिला जिसके चलते बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 1.16 फीसदी की बढ़त के साथ 16833.52 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.93 फीसदी की बढ़त के साथ 16206.89 के स्तर पर बंद हुआ।
घरेलू बाजार में खरीद से सोना 50 रुपये संभला
कमजोर वैश्विक रुझान के बावजूद स्थानीय आभूषण निर्माताओं की ओर से खरीद में आई तेजी से शुक्रवार को सराफा बाजार में सोने का भाव 50 रुपये बढ़कर 30,485 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा।
चांदी हालांकि बिकवाली के दबाव से 150 रुपये गिरकर 38,850 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.05 फीसदी की गिरावट के साथ 1,206.50 डॉलर प्रति औंस व चांदी 0.03 फीसदी की गिरावट के साथ 15.28 डॉलर प्रति औंस पर देखी गई। व्यापारियों ने कहा कि डॉलर के मुकाबले कमजोर होते रुपये की वजह से सोने का आयात मंहगा हुआ है।