फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

व्यापारिक तनाव से सेंसेक्स 356 अंक लुढ़का, निफ्टी भी 10,300 के नीचे, 350 रुपये से अधिक गिरा सोना

Thu, 02 Aug 2018 05:27 PM IST
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
विज्ञापन

कमजोर वैश्विक रुझानों के बीच हुई व्यापक बिकवाली से बीएसई का सेंसेक्स बृहस्पतिवार को करीब 356 अंकों की गिरावट के साथ सप्ताहभर के निचले स्तर पर पहुंच गया। एनएसई का निफ्टी भी 10,300 की संवेदी सीमा के नीचे आकर बंद हुआ। अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव गहराने से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता पर असर दिखा और एशिया के अन्य प्रमुख बाजारों में भी गिरावट दिखी।

विज्ञापन


सेंसेक्स 356.46 अंकों की गिरावट के साथ 37,165.16 पर बंद हुआ। यह 26 जुलाई के बाद का निचला स्तर है, जब यह 36,984.64 पर बंद हुआ था। इससे एक दिन पहले सेंसेक्स में 84.96 अंकों की गिरावट रही थी। निफ्टी 101.50 अंकों की गिरावट के साथ 11,244.70 पर बंद हुआ। सेंसेक्स समूह में पावर ग्रिड में सर्वाधिक 2.25 फीसदी तेजी रही।

एक दिन पहले आरबीआई द्वारा मुख्य ब्याज दरों में बढ़ोतरी किए जाने के कारण भी विदेशी पोर्टफोलियों निवेशकों (एफपीआई) और घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) के बीच बिकवाली को बढ़ावा मिला। ब्रोकरों के मुताबिक बाजार में हाल की रिकॉर्ड तेजी के कारण हुई मुनाफा वसूली के कारण भी गिरावट को बल मिला। 
विज्ञापन


इस बीच बाजार के अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को एफपीआई ने शेयर बाजार में 95.94 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की थी, जबकि डीआईआई ने भी 562.33 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की थी।

सुस्त मांग से सोना 365 रुपये कमजोर

विदेशों से कमजोर रुझान के साथ साथ स्थानीय आभूषण निर्माताओं की ओर से मांग में आई गिरावट से बृहस्पतिवार को सराफा बाजार में सोने का भाव 365 रुपये लुढ़ककर 30,435 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा। वहीं औद्योगिक इकाइयों व सिक्का निर्माताओं की ओर से सुस्त उठाव से चांदी 50 रुपये गिरकर 39,000 प्रति किलोग्राम पर रही।

व्यापारियों ने कहा कि उम्मीद के अनुसार यूएस फेडेरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर स्थिर रहने के कारण डॉलर मजबूत हुआ जिससे सोने के प्रति रुझान नकारात्मक रहा। वैश्विक स्तर पर न्यूयार्क में सोना 0.65 फीसदी गिरकर 1,215.50 डॉलर प्रति औंस व चांदी 0.94 फीसदी गिरकर 15.35 डॉलर प्रति औंस पर देखी गई।

व्यापारियों ने आगे कहा कि स्थानीय आभूषण निर्माताओं और खुदरा व्यापारियों की ओर से मांग में आई गिरावट से हाजिर बाजार में भी सोने में गिरावट देखी गई है। देश की राजधानी में 99.9 व 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 365 रुपये गिरकर क्रमश: 30,435 रुपये और 30,285 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। पीली धातु ने बुधवार को 150 रुपये की बढ़त हासिल की थी।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें