शुक्रवार को हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में कमजोरी के साथ शुरुआत देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ खुले। ऐसा इसलिए क्योंकि विश्व के बाजारों में भी यही हाल देखने को मिला। डाओ जोंस 200 अंक टूटकर बंद हुआ है। डाओ में कल लगातार 8वें दिन गिरावट देखने को मिली। एशियाई बाजार भी आज नीचे दिख रहे हैं।
सेंसेक्स 28 अंक की कमजोरी के साथ 35405 के स्तर पर और निफ्टी 12 अंक की गिरावट के साथ 10730 के स्तर के नीचे कारोबार कर रहा है। बीएसई का रियल्टी इंडेक्स 0.38 फीसदी टूट गया है, जबकि निफ्टी के मेटल इंडेक्स में 0.21 फीसदी, फार्मा इंडेक्स में 0.66 फीसदी, रियल्टी इंडेक्स में 0.28 फीसदी और ऑटो इंडेक्स में 0.01 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
रुपये में 17 पैसे की मजबूती
डॉलर के मुकाबले रुपया आज 17 पैसे की बढ़त के साथ 67.81 के स्तर पर खुला है। डॉलर के मुकाबले रुपये में कल भी शुरुआती कमजोरी के बाद सुधार देखने को मिला था। डॉलर के मुकाबले रुपया कल 9 पैसे बढ़कर 68.98 के स्तर पर बंद हुआ था।