बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में तेजी का दौर जारी रहा और इसमें अच्छी बढ़त देखने को मिली। सेंसेक्स 100 अंक और निफ्टी 10350 के पार निकल गया। वहीं रुपये में भी 10 पैसे की तेजी देखने को मिली।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी खरीदारी दिख रही है। ऑटो, बैंकिंग, एफएमसीजी, मेटल, रियल्टी और कंज्यूमर ड्युरेबल्स शेयरों में खरीदारी आई है। बैंक निफ्टी 0.25 फीसदी बढ़कर 25,815 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। हालांकि फार्मा शेयरों में थोड़ा दबाव नजर आ रहा है।
कारोबार के इस दौरान दिग्गज शेयरों में जी एंटरटेनमेंट, अदानी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज ऑटो और एशियन पेंट्स 2.9 फीसदी तक बढ़े हैं। मिडकैप शेयरों में पीएंडजी, रिलायंस कैपिटल, ओबेरॉय रियल्टी, अदानी पावर और अपोलो हॉस्पिटल 1.5 फीसदी तक चढ़े हैं।
स्मॉलकैप शेयरों में एक्शन कंस्ट्रक्शंस, टीमलीज, अल्फाजियो, केडीडीएल और रिलैक्सो फूटवियर 12-7.25 फीसदी तक उछले हैं।
रुपये की मजबूती के साथ शुरुआत
बुधवार को रुपये में मजबूत शुरुआत देखने को मिली। डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे बढ़कर 64.79 पैसे के स्तर पर खुला। मंगलवार को यह 22 पैसे बढ़कर 64.89 के स्तर पर बंद हुआ।