सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को शेयर बाजार सपाट स्तर पर खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 41.29 अंकों की बढ़त के साथ 36,741.13 के स्तर पर खुला। निफ्टी की बात करें, तो 18.90 अंकों की बढ़त के बाद नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 10,881.50 के स्तर पर खुला।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें तो जी एंटरटेनमेंट, यस बैंक, टाटा स्टील, टाइटन, एचयूएल और आरआईएल के शेयर लाल निशान पर खुले। वहीं टेक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर हरे निशान पर खुले।
प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल
प्री ओपन के दौरान सेंसेक्स में 31.28 अंक यानी 0.09 फीसदी की गिरावट देखी गई थी, जिसके बाद सेंसेक्स 36,668.56 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी में 57 अंक यानी 0.52 फीसदी की गिरावट देखी गई थी, जिसके बाद निफ्टी 10,805.60 के स्तर पर था।
70.80 के स्तर पर खुला रुपया
शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे की गिरावट के साथ 70.80 के स्तर पर खुला। सोमवार को रुपये में छह साल की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। इसके साथ ही डॉलर की तुलना में रुपया 70.73 के स्तर पर बंद हुआ था। रुपये में कमजोरी की मुख्य वजह अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध, युआन में कमजोरी और कश्मीर मुद्दा रही।
रुपये में लगातार तीसरे दिन कमजोरी देखने को मिली और इस दौरान भारतीय मुद्रा 194 पैसे कमजोर हो चुकी है।
पिछले कारोबारी दिन लाल निशान पर खुला था बाजार
सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 465.38 अंक यानी 1.25 फीसदी की गिरावट के साथ 36,652.84 के स्तर पर खुला था। निफ्टी की बात करें, तो 141.90 अंक यानी 1.29 फीसदी की गिरावट के बाद निफ्टी 10,855.50 के स्तर पर खुला। इसके बाद बाजार के खुलते ही सेंसेक्स-निफ्टी दोनों में गिरावट आई। सुबह करीब 11:20 बजे सेंसेक्स 650.80 अंक यानी 1.75 फीसदी की गिरावट के साथ 36,467.42 के स्तर पर पहुंच गया था। निफ्टी की बात करें, तो 198.45 अंक यानी 1.80 फीसदी की गिरावट के बाद निफ्टी 10,798.90 के स्तर पर था। वैश्विक बाजार में मंदी, अमेरिका-चीन के बीच ट्रेड वॉर और जम्मू-कश्मीर में चल रही अनिश्चितताओं से भारतीय शेयर बाजार प्रभावित हुआ।
सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुआ था बाजार
इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 418.38 अंकों की गिरावट के बाद 36,699.84 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 134.80 अंकों की गिरावट के बाद 10,862.60 के स्तर पर बंद हुआ था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला
Hindi News APP अपने मोबाइल पर।