सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को दिनभर के कारोबार के बाद को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 196.42 अंकों की गिरावट के बाद 37686.37 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 92.10 अंकों की गिरावट के बाद 11192.20 के स्तर पर बंद हुआ।
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो दिनभर के कारोबार के बाद टाटा मोटर्स, इंडियाबुल्स हाउसिंग, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, वेदांता और भारती इंफ्राटेल के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं गिरावट वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इनमें आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, टीसीएस, इंफोसिस और इंडसइंड बैंक के शेयर शामिल हैं।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने शुक्रवार को तिमाही नतीजों की घोषणा की थी, जिसके बाद सोमवार को कंपनी के शेयर में भारी गिरावट देखने को मिली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन मारुति सुजुकी का शेयर 260.65 अंक यानी 4.49 फीसदी की गिरावट के बाद 5545 के स्तर पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में मारुति सुजुकी का शेयर 5770 के स्तर पर खुला था।
433 के स्तर पर खुलने के बाद सोमवार को आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 12.05 अँक यानी 2.90 फीसदी बढ़ा, जिसके बाद यह 427.80 के स्तर पर बंद हुआ।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो आईटी के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स लाल निशान पर बंद हुए। इनमें फार्मा, मेटल, एनर्जी, इंफ्रा, एफएमसीजी और ऑटो शामिल हैं।
सोमवार को शेयर बाजार सपाट स्तर पर खुला था। सेंसेक्स 43.38 अंक यानी 0.11 फीसदी की बढ़त के साथ 37926.17 के स्तर पर खुला था। निफ्टी की बात करें, तो 6.40 अंक यानी 0.06 फीसदी की बढ़त के बाद निफ्टी 11290.70 के स्तर पर खुला था।
शुक्रवार को सेंसेक्स 51.81 अंक चढ़कर 37,882.79 पर और निफ्टी 32.10 अंक बढ़कर 11,284.30 पर बंद हुआ था। दिन भर के कारोबार के दौरान 1296 शेयर चढ़े और 1173 शेयरों में गिरावट रही थी।