आज सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 371.44 अंक यानी 1.17 फीसदी की बढ़त के साथ 32114.52 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 98.60 अंक यानी 1.06 फीसदी की तेजी के साथ 9380.90 के स्तर पर बंद हुआ।
वैश्विक बाजारों का हाल
सोमवार को अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 1.51 फीसदी की बढ़त के साथ 358.51 अंक ऊपर 24,133.80 पर बंद हुआ था। नैस्डैक 1.11 फीसदी बढ़त के साथ 95.64 अंक ऊपर 8,730.16 पर बंद हुआ। एसएंडपी 1.47 फीसदी बढ़त के साथ 41.74 अंक ऊपर 2,878.48 पर बंद हुआ था। वहीं चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.30 फीसदी गिरावट के साथ 8.50 अंक नीचे 2,807.00 पर बंद हुआ। इसका असर भी घरेलू बाजार पर पड़ा।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज एफएमसीजी, फार्मा और मेटल के अतिरिक्त सभी सेक्टर्स बढ़त पर बंद हुए। इनमें रियल्टी, आईटी, मीडिया, पीएसयू बैंक, ऑटो, बैंक और प्राइवेट बैंक शामिल हैं।
दिनभर ऐसा रहा बाजार का हाल
आज सुबह सेंसेक्स की शुरुआत 0.94 फीसदी की बढ़त के साथ 298.34 अंक ऊपर 32041.42 के स्तर पर हुई थी। वहीं निफ्टी 0.98 फीसदी की तेजी के साथ 91.25 अंक ऊपर 9373.55 के स्तर पर खुला था। इसके बाद से ही बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहा। दोपहर 2.34 बजे सेंसेक्स 1 फीसदी की तेजी के साथ 316.54 अंक ऊपर 32059.62 के स्तर पर और निफ्टी 0.91 फीसदी की तेजी के साथ 84.65 अंक ऊपर 9366.95 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सोमवार को हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
सोमवार को म्यूचुअल फंड पर तरलता दबाव को कम करने के लिए, भारतीय रिजर्व बैंक ने 50,000 करोड़ रुपये की विशेष लिक्विडिटी सुविधा की घोषणा की थी, जिससे शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 415.86 अंक यानी 1.33 फीसदी की बढ़त के साथ 31743.08 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 127.90 अंक यानी 1.40 फीसदी की तेजी के साथ 9282.30 के स्तर पर बंद हुआ था।