सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। दिनभर के कारोबार के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स यानी सेंसेक्स 238.69 अंकों की बढ़त के साथ 38939.22 के स्तर पर बंद हुआ। जबकि नेश्नल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 67.50 अंकों की बढ़त के बाद 11672 के स्तर पर बंद हुआ। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों गिरावट के साथ बंद हुए थे। बैंकिंग और आईटी स्टॉक्स में अच्छी खरीदारी के बाद सेंसेक्स-निफ्टी में भी बढ़त देखने को मिली।
यस बैंक, विप्रो, टाटा मोटर्स, कोल इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज ऑटो के स्टॉक्स हरे निशान पद बंद हुए। इनमें 2.19 फीसदी से लेकर 4.42 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली। वहीं, गिरावट वाले दिग्गज शेयरों की बात करें तो इसमें इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, एशियन पेन्ट्स, भारती एयरटेल, इंफोसिस, यूपीएल और ओएनजीसी के स्टॉक्स शामिल रहे। इनमें 0.39 फीसदी से लेकर 3.10 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
दिनभर के कारोबार के बाद सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें तो इसमें कंज्यूमर ड्यूरेबल्स के अतिरिक्त बाकी सभी सेक्टोरियल इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए। हरे निशान पर बंद होने वाले सेक्टर्स में ऑटो, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, फार्मा, आईटी, मेटल, पीएसयू और आईटी सेक्टर्स शामिल रहे। सबसे जोरदार तेजी ऑटो और मेटल सेक्टर में देखने को मिली। बैंकिंग स्टॉक्स में भी अच्छी खरीदारी हुई।