सोमवार को गिरावट के साथ खुले शेयर बाजार में बंद होते वक्त तक मामूली तेजी देखने को मिली और यह बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही मामूली तेजी के साथ बंद हुए। आज के कारोबार में निफ्टी ने 10340 तक गोता लगाया था, जबकि सेंसेक्स 33540.5 तक लुढ़क गया था। दिन के निचले स्तरों से निफ्टी में 60 अंकों की रिकवरी दिखी है, तो सेंसेक्स में करीब 200 अंकों का सुधार दिखा है।
बीएसई सेंसेक्स 45 अंकों की बढ़त के साथ 33724 पर तो एनएसई निफ्टी 10 अंक की तेजी के साथ 10400 के पार बंद हुआ। मीडिया, रियल्टी, ऑटो, पावर, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और कैपिटल गुड्स शेयरों में खरीदारी दिखी है। हालांकि मेटल, एफएमसीजी और ऑयल एंड गैस शेयरों में दबाव नजर आया।
रुपये में दिखी 13 पैसे की गिरावट
हालांकि डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट का दौर जारी रहा और यह शाम को बंद होते वक्त 13 पैसों के कमजोरी के साथ 64.57 पर बंद हुआ। इससे पहले सोमवार सुबह में यह 1 पैसे की गिरावट के साथ 64.74 पर खुला था।
सोने में रही तेजी
वैश्विक बाजार से सकरात्मक संकेतों और सटोरियों की ओर से स्थिति मजबूत करने के चलते सोने का वायदा भाव सोमवार को 0.31 फीसदी बढ़कर 29,471 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।चांदी के भाव 113 रुपये बढ़कर 39,354 रुपए प्रति किलोग्राम पहुंच गए।