जौहरियों की मांग से सोना 170 रुपये मजबूत
सोने के दाम में चार दिन से जारी गिरावट पर मंगलवार को विराम लगा और यह दिल्ली में 170 रुपये की बढ़त के साथ 32,790 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। आल इंडिया सराफा एसोसएिशन के अनुसार स्थानीय जौहरियों की लिवाली बढ़ने से इसमें तेजी आयी।
चांदी के दाम में भी हुआ इजाफा
औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का निर्माताओं के उठाव से चांदी की कीमत भी 250 रुपये मजबूत होकर 38,350 रुपये किलो पर पहुंच गयी।
कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय जौहरियों की मांग बढ़ने से सोने की कीमतों में तेजी आयी। हालांकि वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख से लाभ पर अंकुश लगा।
पिछले चार कारोबारी सत्रों में सोने के दाम में 450 रुपये की गिरावट आयी थी। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसदी तथा 99.5 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव 170-170 रुपये की बढ़त के साथ 32,790 तथा 32,620 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। हालांकि गिन्नी का भाव 26,400 रुपये प्रति इकाई पर स्थिर रहा।