कमजोर वैश्विक संकेतों से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना आज 600 रुपये टूटकर तीन सप्ताह के निचले स्तर 30,950 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की मांग घटने से बहुमूल्य धातु की कीमतों पर दबाव रहा।
चांदी 38900 पर
सोने की तर्ज पर औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की मांग घटने से चांदी भी 450 रुपये के नुकसान से 39,000 रुपये से नीचे 38,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना के बीच डॉलर की मजबूती से कारोबारी धारणा पर असर पड़ा। इससे निवेश के सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने का आकर्षण घटा।
विदेशी मार्केट में भी दिखा असर
सिंगापुर में सोना 0.61 प्रतिशत के नुकसान से 1,310.10 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.37 प्रतिशत टूटकर 16.28 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता 600-600 रुपये की भारी गिरावट के साथ क्रमश: 30,950 और 30,800 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया।
साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 820 रुपये टूटकर 37,735 रुपये प्रति किलोग्राम रह गए। वहीं चांदी सिक्का लिवाल 74,000 रुपये तथा बिकवाल 75,000 रुपये प्रति सैकड़ा के अपने पिछले स्तर पर कायम रहा।