शेयर बाजार में लगातार पांचवे हफ्ते भी तेजी का माहौल देखने को मिला। वहीं रुपया भी अपने सात महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार में सेंसेक्स 288 अंकों की तेजी के साथ 38312 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 75 अंकों की तेजी के साथ 11,502 अंकों पर खुला। फिलहाल सेंसेक्स 320 अंक की मजबूती के साथ 38345 के स्तर पर और निफ्टी 95 अंक यानि 0.84 फीसदी की बढ़त के साथ 11520 के पार कारोबार कर रहा है।
आम चुनाव की घोषणा के बाद बने सकारात्मक रुझानों से बाजार गुलजार रहा। बीते हफ्ते भी घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई और सेंसेक्स 38,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर बंद हुआ था।
प्रमुख संवेदी सूचकांकों में पिछले सप्ताह के मुकाबले 3.5 फीसदी से ज्यादा का उछाल दर्ज किया गया। डॉलर के मुकाबले रुपये में आई मजबूती और सकारात्मक विदेशी संकेतों से घरेलू बाजार को सपोर्ट मिला और जबरदस्त लिवाली देखी गई।
डॉलर के मुकाबले रुपया आज 18 पैसे की बढ़त के साथ 68.91 के स्तर पर खुला है। रुपया आज 7 महीने की उंचाई पर खुला है और ये 10 अगस्त के बाद सबसे शीर्ष स्तर पर नजर आ रहा है।