शेयर बाजार में मंगलवार को भी तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 268 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं सोने-चांदी की कीमतों में भी मजबूती देखने को मिली। रुपया भी फिलहाल 42 पैसे की मजबूती के साथ कारोबार करते हुए देखा गया।
सकारात्मक वैश्विक रुझानों और स्थानीय ज्वेलर्स द्वारा मांग बढ़ने से मंगलवार को सराफा बाजार में सोना 140 रुपये चढ़कर 32,970 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर रहा। वहीं, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं द्वारा लिवाली बढ़ने से चांदी 235 रुपये मजबूत होकर 38,960 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही।
व्यापारियों के अनुसार, डॉलर के दो सप्ताह के निचले स्तर पर आने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की इस सप्ताह होने वाली मौद्रिक नीति की बैठक के मद्देनजर विदेश में सोना मजबूत रहा। न्यूयॉर्क में सोना 0.31 फीसदी तेजी के साथ 1,308.30 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.29 फीसदी उछाल के साथ 15.47 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रही।