शेयर बाजार में नवंबर महीने की शुरुआत मजबूती के साथ हुई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही बढ़त के साथ खुले। हालांकि रुपये में बढ़त देखने को मिली, लेकिन यह अभी भी 74 के करीब बना हुआ है।
सेंसेक्स 209 अंक चढ़कर 34,651 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी 55 अंक बढ़कर 10,442 के स्तर पर ओपन हुआ। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.75 फीसदी चढ़ा है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.6 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई है।
रियल्टी, मेटल, ऑटो, कैपिटल गुड्स, ऑयल एंड गैस और पावर शेयरों में खरीदारी दिख रही है। बैंक निफ्टी सपाट होकर 25,170 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। आईटी, पीएसयू बैंक और फार्मा शेयरों में दबाव नजर आ रहा है।
ब्रेंट क्रूड में नरमी
ग्लोबल बाजार में क्रूड ऑयल में नरमी दिख रही है। ब्रेंट क्रूड 0.5 फीसदी से ज्यादा फिसलकर 75.5 डॉलर पर कारोबार कर रहा है। डॉलर के मुकाबले रुपया आज 8 पैसे की बढ़त के साथ 73.87 के स्तर पर खुला है। वहीं रुपये में कल बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। डॉलर के मुकाबले रुपया कल 28 पैसे घटकर 73.95 के स्तर पर बंद हुआ था।