बाजार में जोरदार मुनाफावसूली देखने को मिली। गिरावट कितनी गहरी थी इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हर 1 बढ़ने वाले शेयर के मुकाबले 5 शेयर गिरकर बंद हुए। सबसे ज्यादा बुरा हाल मिडकैप शेयरों का था। दिन के उच्चतम स्तरों से मिडकैप इंडेक्स 750 अंक लुढ़क गया। सेंसेक्स भी दिन के उच्चतम स्तर 300 अंक टूटा है। हालांकि इसके बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी नई ऊंचाई पर ही बंद हुए।
मेटल, मीडिया, फार्मा, पीएसयू बैंक, रियल्टी, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, पावर और ऑयल एंड गैस शेयरों में बिकवाली देखने को मिली है। निफ्टी के मेटल इंडेक्स में 2.9 फीसदी, मीडिया इंडेक्स में 1.3 फीसदी, फार्मा इंडेक्स में 1.2 फीसदी और पीएसयू बैंक इंडेक्स में 1.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। बीएसई के रियल्टी इंडेक्स में 4 फीसदी, कंज्यूमर ड्युरेबल्स इंडेक्स में 1 फीसदी, पावर इंडेक्स में 1.8 फीसदी और ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 1.4 फीसदी की कमजोरी आई है।
हालांकि बैंक निफ्टी करीब 1 फीसदी की मजबूती के साथ 26,537.4 के स्तर पर बंद हुआ है। आज के कारोबार में बैंक निफ्टी 26,887.65 तक पहुंचा था। एफएमसीजी, प्राइवेट बैंक और आईटी शेयरों में खरीदारी देखने को मिली है।