शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार दो दिन की बिकवाली के बाद मजबूती दिखी। बाजार के प्रमुख इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते दिखे। हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन सुबह नौ बजकर 36 मिनट पर सेंसेक्स 539.40 (0.84%) अंकों की बढ़त के साथ 64,130.73 के लेवल पर जबकि निफ्टी 165.65 (0.87%) अंक चढ़कर 19,154.80 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार में चौतरफा खरीदारी दिख रही है। सबसे अधिक आईटी, पीएसयू बैंक और और रियल्टी शेयरों में खरीदारी दिख रही है। इससे पहले बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावअ दिखी थी। बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 283 अंक टूटकर 63,591 के स्तर पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स की कंपनियों में इंडसइंड बैंक, इंफोसिस, एक्सिस बैंक, कोटक बैंक और बजाज फाइनेंस बढ़त के साथ खुले। जबकि टाटा स्टील लगभग 1% नीचे खुला क्योंकि फर्म ने वित्त वर्ष 24 की सितंबर तिमाही में 6,196 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया।
वित्त वर्ष 24 की दूसरी तिमाही में हीरो मोटोकॉर्प का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 47 फीसदी बढ़कर 1,054 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके बाद कंपनी के शेयरों में दो प्रतिशत की बढ़त दिखी। दूसरी तिमाही में 19.5 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज करने के बाद फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयर भी 6% से अधिक की बढ़त के साथ खुले।
शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 8 पैसे मजबूत होकर 83.20 डॉलर पर पहुंच गया। डॉलर इंडेक्स, जो छह प्रमुख विश्व मुद्राओं के बास्केट के मुकाबले डॉलर की चाल को ट्रैक करता है, 0.5% गिरकर 106.34 के स्तर पर आ गया।
कोटक महिंद्रा बैंक अपनी सहायक कंपनी कोटक महिंद्रा जनरल इंश्योरेंस कंपनी में बहुलांश हिस्सेदारी ज्यूरिख इंश्योरेंस कंपनी को 4,051 करोड़ रुपये में बेचेगा। कोटक महिंद्रा बैंक, कोटक महिंद्रा जनरल इंश्योरेंस और ज्यूरिख इंश्योरेंस ने एक सौदे के लिए समझौतों को अंतिम रूप दिया है, जिसमें ज्यूरिख कोटक जनरल इंश्योरेंस में 51% हिस्सेदारी प्राप्त करने के लिए लगभग 4,051 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। शेयर बाजार को भेजी सूचना में बैंक ने कहा कि यह निवेश नई पूंजी डालने और शेयर खरीद का संयोजन होगा। ज्यूरिख अपने प्रारंभिक अधिग्रहण से तीन साल की अवधि के भीतर 19% की अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदेगा।