मंगलवार को सेंसेक्स 51.88 अंक गिरकर 38,365.35 अंक पर बंद हुआ। भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक और एचडीएफसी में गिरावट की वजह से सेंसेक्स में गिरावट देखी गई। हालांकि इंट्राडे में थोड़ी खरीदारी देखने को मिली थी। इसके अलावा निफ्टी 37.70 अंकों की गिरावट के साथ 11,317.35 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में आज सबसे ज्यादा टाटा स्टील गिरा, टाटा स्टील में चार फीसदी की गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, ओएनजीसी, एसबीआई और सनफार्मा में गिरावट का दौर रहा। आज के कारोबार में सेंसेक्स 30 के 9 शेयरों में तेजी रही है।
वहीं आरआईएल और इंफोसिस सबसे ज्यादा लाभ में शामिल थे। एचसीएल टेक, टीसीएस, टेक महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक भी लाभ में शामिल रहे। निफ्टी पर प्रमुख 11 इंडेक्स में से दस लाल निशान में बंद हुए। सिर्फ आईटी इंडेक्स हरे निशान में बंद हुआ है।
व्यापारियों का कहना है कि सत्र के दौरान घरेलू इक्विटी सकारात्मक स्तर पर कारोबार कर रही थी। शंघाई, हांगकांग, सियोल और टोक्यो के बाजार हरे निशान पर खुले थे लेकिन यूरोप का स्टॉक एक्सचेंज लाल निशान पर खुला था। इसके अलावा ग्लोबल बाजार की बात करें तो सोमवार को लेबर डे पर अमेरिकी बाजार बंद थे। वहीं, आज एशियाई बाजारों में बढ़त दिखी है।