अक्तूबर महीने के आखिरी शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है। ऐसे में अगर आप शेयर मार्केट में निवेश करना चाहते हैं तो अपने इन्वेस्टमेंट की प्लानिंग कर लीजिए। मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक यह शेयर मार्केट में निवेश करने का उपयुक्त समय है। खास कर ऐसे लोगों के लिए जो मीडियम और लांग टर्म में रिस्क ले सकते हैं।
33 हजार के पार हुआ सेंसेक्स
शुक्रवार को बीएसई का सेंसेक्स 33 हजार के पार चला गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 10 हजार के पार चल रहा है। फिलहाल खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 90 अंक चढ़कर 33237 के स्तर पर था, वहीं निफ्टी 4 अंकों की बढ़ोतरी के साथ 10348 पर है।
इन चार कंपनियों के रिजल्ट तय करेंगे मार्केट की दिशा
शुक्रवार को देश की चार सबसे बड़ी कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजे आएंगे। इन कंपनियों का नतीजा मार्केट की अगले महीने की दिशा और दशा तय करेंगे। यह चार कंपनियां हैं आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी, इंडियन ऑयल, मारूति।
यस बैंक ने दर्ज की सबसे बड़ी गिरावट
यस बैंक ने अपने दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए, जिसके बाद निफ्टी पर सबसे तेज गिरावट दर्ज की गई। हालांकि बैंक ने अपने प्रॉफिट में 25 फीसदी की ग्रोथ दिखाई, लेकिन एनपीए 6355 करोड़ के पार चले जाने पर ऐसा हुआ।