2019 के शुरुआती दूसरे दिन शेयर बाजार में गिरावट काफी बढ़ गई। ऑटो सेक्टर कंपनियों के स्टॉक में भारी बिकवाली और रुपये में गिरावट का असर पूरे दिन शेयर बाजार में देखने को मिला। सेंसेक्स 360 अंक और निफ्टी 110 अंकों से ज्यादा गिरकर बंद हुआ।
इस वजह से बढ़ी गिरावट
शेयर बाजार में जो गिरावट बढ़ी है उसका प्रमुख कारण ऑटोमोबाइल कंपनियों द्वारा दिसंबर माह में कमजोर बिक्री रही। बाजार के खुलते ही आयशर मोटर्स के शेयरों में तगड़ी गिरावट देखी गई और यह 5.34 फीसदी तक लुढ़क गए।
ऑटोमोबाइल सेक्टरों में छाई भारी बिकवाली के कारण दोपहर 12 बजे तक भी सेंसेक्स में गिरावट जारी रही और यह 98 अंकों की गिरावट के साथ 36155 पर कारोबार कर रहा था। हालांकि, आईटी सेक्टरों में लिवाली बनी हुई है और यह हरे निशान में कारोबार कर रहे थे।
आयशर मोटर्स आज 9 फीसदी तक टूटा है। वहीं जेएसडब्ल्यू स्टील में 5.5 फीसदी की गिरावट आई है। वेदांता भी 4.5 फीसदी के करीब पिटा है, जबकि टाटा स्टील भी 4 फीसदी से ज्यादा ही कमजोर हुआ है।
बीएसई 363 अंकों की गिरावट के साथ 35891 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 117 अंकों की गिरावट के साथ 10792 अंकों पर बंद हुआ। बीएसई में स्मॉलकैप इंडेक्स भी 108 अंकों की गिरावट के साथ 14658 अंकों पर बंद हुआ। जबकि मिडकैप इंडैक्स 194 अंकों की गिरावट लेकर 15232 अंकों पर बंद हुआ।