शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन बिकवाली छाई रही, जिसकी वजह से सेंसेक्स 301 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी भी 86 अंक लुढ़क गया। सेंसेक्स 34,848 और निफ्टी 10,596.4 के स्तर पर बंद हुआ है। कर्नाटक सरकार बनाने को लेकर अनिश्चितता, क्रूड प्राइस में उछाल और अमेरिका-चीन में ट्रेड वार को लेकर समझौते से शुक्रवार को बाजार में गिरावट हावी रही।
मिडकैप शेयरों में दिखी बिकवाली
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में जोरदार बिकवाली देखने को मिली है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 1.5 फीसदी गिरकर बंद हुआ है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 1.4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 1.6 फीसदी लुढ़क कर बंद हुआ है।
सोने में दिखी तेजी
दो दिन की लगातार गिरावट के बाद, कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच स्थानीय आभूषण निर्माताओं की ओर से सोने की मांग में आई तेजी के कारण, सोना 210 रुपये चढ़कर 31,990 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया। वहीं औद्योगिक इकाइयों व सिक्का निर्माताओं की ओर से उठाव के बीच चांदी का भाव 120 रुपये उछलकर 40,870 रुपये प्रति किलोग्राम रहा। विशेषज्ञों के अनुसार स्थानीय बाजार में आई तेजी व डॉलर के मुकाबले कमजोर होते रुपये के कारण सोने का भाव तेज हुआ है।
सिंगापुर में कमजोर हुआ सोना
सिंगापुर में सोना 0.12 फीसदी से टूटकर 1,288.70 डॉलर प्रति औंस हो गया। स्थानीय बाजार में महंगी धातु पिछले दो सत्रों में 670 रुपये नीचे गिरी है।
दिल्ली में यह रहा भाव
देश की राजधानी में 99.9 व 99.5 फीसदी शुद्धता वाले प्रत्येक सोने की कीमतें भी 210 रुपये उठकर क्रमश: 31,990 रुपये व 31,840 रुपये प्रति दस ग्राम जा पहुंची। चांदी में आई तेजी से साप्ताहिक आधार पर डिलीवर होने वाली चांदी 300 रुपये की उछाल के साथ 40,870 रुपये पर देखी गई।