मंगलवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। भारतीय वायुसेना द्वारा पाकिस्तान में मौजूद जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों को नेस्तानाबूद करने के बाद सेंसेक्स में 500 अंकों की गिरावट देखने को मिली थी। युद्ध की आशंका के बीच बाजार 240 अंक गिरकर बंद हुआ। हालांकि रुपये में एक बार फिर से मजबूती देखने को मिली। वहीं दूसरी तरफ सोने की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली।
कमजोर वैश्विक रुझान के साथ स्थानीय आभूषण निर्माताओं की ओर से मांग घटने के कारण मंगलवार को सोना 60 रुपये गिरकर 34,530 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा। वहीं, औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से लिवाली घटने के कारण चांदी भी 195 रुपये टूटकर 41,405 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रही।
वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना 0.14 फीसदी गिरकर 1,326.30 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.16 फीसदी गिरकर 15.93 डॉलर प्रति औंस के भाव पर रही। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 60 रुपये गिरकर 34,530 रुपये प्रति दस ग्राम, जबकि 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना 40 रुपये गिरकर 34,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा।