वैश्विक शेयर बाजारों में तेजी के बीच बुधवार को घरेलू शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में लगातार तीसरे दिन तेजी जारी रही। व्यापारियों के अनुसार में शटडाउन के समाधान को लेकर बढ़े आशावाद और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती की बढ़ती उम्मीदों से बाजार की धारणा को मजबूती मिली। विदेशी बाजार में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 16 पैसे टूटकर 88.66 (अनंतिम) पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फिनसर्व, अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल, इंफोसिस, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मास्युटिकल्स, इटरनल, टाइटन और बजाज फाइनेंस शामिल रहे। दूसरी ओर, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, कोटक महिंद्रा बैंक और पावरग्रिड पिछड़ गए।
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिकी सरकार के बंद होने के अनुमानित समाधान को लेकर आशावाद व अमेरिकी श्रम बाजार में मंदी के संकेतों के बीच फेड द्वारा शीघ्र कटौती की बढ़ती उम्मीदों के कारण वैश्विक शेयर बाजारों में जोखिम उठाने की नई प्रवृत्ति के कारण तेजी आई। नायर ने कहा कि उभरते बाजारों ने बेहतर प्रदर्शन किया, जो वैश्विक धारणा में सुधार को दर्शाता है।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्केई 225 बेंचमार्क बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक नकारात्मक क्षेत्र में बंद हुआ। यूरोप के बाजारों में काफी तेजी देखी जा रही है। मंगलवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.84 प्रतिशत घटकर 64.61 डॉलर प्रति बैरल रह गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 803.22 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,188.47 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। मंगलवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 335.97 अंक उछलकर 83,871.32 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 120.60 अंक चढ़कर 25,694.95 पर बंद हुआ। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी पूंजी निकासी के कारण बुधवार को शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे गिरकर 88.65 पर आ गया।