अमेरिका की ओर से भारत पर 27% जवाबी टैरिफ लगाने के फैसले पर भारतीय शेयर बाजार के निवेशकों ने गुरुवार को सधी हुई प्रतिक्रिया दी। शुरुआती कारोबार में 800 अंकों तक की गिरावट के बावजूद बेंचमार्क सूचकांक बहुत हद तक रिकवर कर लाल निशान पर बंद हुए। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बीएसई सेंसेक्स 322.08 (0.42%) अंक टूटकर 76,295.36 के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, एनएसई निफ्टी 82.25 (0.35%) अंकों की गिरावट के साथ 23,250.10 के स्तर पर बंद हुआ।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत सहित दुनिया भर के करीब 60 देशों पर पारस्परिक शुल्क लगाने की घोषणा के बाद गुरुवार को सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों के शेयरों में 10 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई। इस कदम से अमेरिका को भारत के निर्यात पर असर पड़ने की आशंका है। हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने अपने एलान में आईटी सेक्टर पर कुछ खास नहीं कहा है।
ये भी पढ़ें: Penguin Tariffs: इंसान तो इंसान ट्रंप ने जानवरों को भी नहीं बख्शा, उस द्वीप पर भी टैरिफ जहां सिर्फ पेंग्विन
गुरुवार के कारोबारी सत्र के दौरान बीएसई पर परसिस्टेंट सिस्टम्स का शेयर 9.92 प्रतिशत गिरकर 4,788.20 रुपये पर, कोफोर्ज का शेयर 7.77 प्रतिशत गिरकर 7,157.25 रुपये पर, केपीआईटी टेक्नोलॉजीज का शेयर 7.66 प्रतिशत गिरकर 1,212 रुपये पर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का शेयर 3.98 प्रतिशत गिरकर 3,403.90 रुपये पर और टेक महिंद्रा का शेयर 3.79 प्रतिशत गिरकर 1,369.65 रुपये पर बंद हुआ।
इसके अलावा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 3.71 प्रतिशत गिरकर 1,470.80 रुपये प्रति शेयर पर, एम्फैसिस 4.05 प्रतिशत गिरकर 2,374.30 रुपये पर, इंफोसिस 3.41 प्रतिशत गिरकर 1,497 रुपये पर और विप्रो 2.75 प्रतिशत गिरकर 256.40 रुपये पर बंद हुआ। दूसरी ओर, एक्सचेंज पर साइएंट 2.67 फीसदी गिरकर 1217.25 रुपये और मास्टेक 0.44 फीसदी गिरकर 2,176.80 रुपये पर आ गया।
ये भी पढ़ें: EPFO Claim: ईपीएफओ से पैसा निकालना हुआ आसान; कैंसिल्ड चेक अपलोड करने की जरूरत नहीं, जानिए और क्या बदला गया
सेंसेक्स की 30 शेयरों वाली कंपनियों में टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंफोसिस प्रमुख रूप से पिछड़ गईं। बीएसई आईटी सूचकांक 1,348.57 अंक या 3.78 प्रतिशत गिरकर 34,293.59 पर बंद हुआ।