घरेलू शेयर बाजार के बेंचमार्क सूचकांक मंगलवार को सपाट बंद हुए। इंडसबैंक में भारी बिकवाली के कारण शुरुआती दौर में कमजोर पड़ा सेंसेक्स आखिरी सत्र में रिकवर करने में सफल रहा। सेंसेक्स में शामिल इंडसइंड बैंक के शेयर 27 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए। इंफोसिस के शेयर भी दो फीसदी तक टूट गए।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 12.85 अंक या 0.02 प्रतिशत गिरकर 74,102.32 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 451.57 अंक या 0.61 प्रतिशत गिरकर 73,663.60 अंक के निचले स्तर पर आ गया। हालांकि, निफ्टी 37.60 अंक या 0.17 प्रतिशत बढ़कर 22,497.90 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान बेंचमार्क 61.8 अंक या 0.27 प्रतिशत बढ़कर 22,522.10 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
ये भी पढ़ें: Explainer: अमेरिकी शेयर बाजार में हाहाकार क्यों मचा; बड़े शेयर क्यों गिर रहे, भारत पर क्या असर? जानिए सबकुछ
सेंसेक्स के शेयरों में कौन चढ़ा, कौन गिरा?
सेंसेक्स में इंडसइंड बैंक, इंफोसिस, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जोमैटो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर सबसे ज्यादा टूटे। दूसरी ओर, सन फार्मास्यूटिकल्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, मारुति सुजुकी इंडिया, लार्सन एंड टूब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक और टाइटन के शेयरों में लाभ रहा। बाजार के जानकारों के अनुसार चल रहे व्यापार युद्ध के कारण आर्थिक मंदी की चिंताओं से प्रेरित अमेरिका और अन्य एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली के बावजूद, घरेलू बाजार में धीरे-धीरे सुधार के संकेत दिख रहे हैं।
ये भी पढ़ें: Pulses: दालों की सप्लाई सुचारु करने की कवायद, सरकार ने पीली मटर और उड़द के लिए मुफ्त आयात नीति की अवधि बढ़ाई
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "इसकी अपेक्षाकृत कम अस्थिरता का कारण हाल के सुधारों के बाद मूल्यांकन में नरमी, साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, डॉलर सूचकांक में नरमी और घरेलू आय में सुधार की उम्मीद जैसे सहायक कारक हैं।" नायर ने कहा कि आगामी खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर ध्यान केंद्रित है, जो संभावित ब्याज दरों में कटौती के बारे में जानकारी दे सकता है।
वैश्विक बाजार में कैसा कारोबार हुआ?
एशियाई बाजारों में टोक्यो और सियोल में गिरावट रही, जबकि हांगकांग में कोई बदलाव नहीं हुआ। शंघाई शेयर बाजार हरे निशान में बंद हुआ। सोमवार को अमेरिकी बाजार में चार फीसदी तक की गिरावट दिखी। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत बढ़कर 69.77 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
ये भी पढ़ें: Supreme Court: 'उपभोक्ता निकायों के सदस्यों को तत्काल वेतन और सुविधाएं दें', कोर्ट का राज्यों को निर्देश
इस बीच, एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 485.41 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने सोमवार को 263.51 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी खरीदी। सोमवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 217.41 अंक गिरकर 74,115.17 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 92.20 अंक गिरकर 22,460.30 अंक पर बंद हुआ।