सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और टाटा स्टील जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों में तेजी से सेंसेक्स और निफ्टी मंगलवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट से प्रमुख सूचकांकों की बढ़त पर कुछ अंकुश लग गया।
मारुति सुजुकी वित्त वर्ष 2030-31 तक 40 लाख कारों की उत्पादन क्षमता हासिल करने की योजना पर काम कर रही है। कंपनी ने इसके लिए 45,000 करोड़ रुपये के निवेश का एलान किया है।मारुति सुजुकी के अध्यक्ष आरसी भार्गव ने कंपनी के एजीएम में कहा, अगले 8 वर्षों के भीतर 20 लाख अतिरिक्त कारों की उत्पादन क्षमता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान कंपनी को दोगुने से अधिक राजस्व की उम्मीद है।
दूसरी ओर भारत पेट्रोलियम कॉर्प लिमिटेड (बीपीसीएल) ने अपनी पहल प्रोजेक्ट एस्पायर पर पांच वर्षों में लगभग 1.5 लाख करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही है।कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक जी कृष्णकुमार ने कहा, प्रोजेक्ट एस्पायर के तहत कंपनी तेल कारोबार को बढ़ाएगी। बीपीसीएल 240,000 बैरल प्रतिदिन (बीपीडी) मुंबई रिफाइनरी और मध्य भारत में बीना रिफाइनरी के लिए 50 मेगावाट कैप्टिव पवन ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश भी करेगी।