एलएंडटी और एसबीआई के शेयरों में तेजी
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से लार्सन एंड टूब्रो, भारतीय स्टेट बैंक, अडानी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावर ग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, कोटक महिंद्रा बैंक और एक्सिस बैंक में सर्वाधिक लाभ रहा। दूसरी ओर, जेएसडब्ल्यू स्टील, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, मारुति, एशियन पेंट्स और एचसीएल टेक पिछड़ गए।
सेंसेक्स के 30 शेयरों का हाल

23 दिसंबर से सेंसेक्स में जेएसडब्ल्यू की जगह शामिल होगी जोमैटो
ऑनलाइन फूड डिलिवरी कंपनी जोमैटो 23 दिसंबर से जेएसडब्ल्यू स्टील की जगह बेंचमार्क बीएसई सेंसेक्स का हिस्सा बन जाएगी। यह बदलाव बीएसई की सहायक कंपनी एशिया इंडेक्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से घोषित नवीनतम पुनर्गठन का हिस्सा है। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, "बाजार की आश्चर्यचकित करने की क्षमता शुक्रवार को ही निफ्टी में 557 अंकों की उछाल के साथ दिखी। महाराष्ट्र में एनडीए के शानदार प्रदर्शन से यह तेज उछाल आज भी जारी रहा। इस चुनाव से राजनीतिक संदेश बहुत बड़ा है और बाजार के नजरिए से यह बेहद सकारात्मक है।"
वैश्विक बाजारों में दिखा सकारात्मक रुझान
भाजपा ने शनिवार को महाराष्ट्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड संख्या में सीटें जीतीं और पार्टी नीत सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को भारी जीत दिलाई, जबकि झारखंड में झामुमो के शानदार प्रदर्शन के दम पर इंडिया ब्लॉक फिर से सत्ता में आने में सफल रहा। एशियाई बाजारों में सियोल और टोक्यो में तेजी रही, जबकि शंघाई और हांगकांग में गिरावट रही। यूरोपीय बाजार हरे निशान पर कारोबार करते दिखे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.40 प्रतिशत गिरकर 74.87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
निफ्टी के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर ये रहे
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,278.37 करोड़ रुपये मूल्य की इक्विटी बेची। शुक्रवार को बीएसई का सेंसेक्स 1,961.32 अंक या 2.54 प्रतिशत उछलकर 79,117.11 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 557.35 अंक या 2.39 प्रतिशत बढ़कर 23,907.25 अंक पर पहुंच गया।