डॉलर के मुकाबले रुपया 72 के पार जा सकता है। आर्थिक विशेषज्ञों के मुताबिक इसकी पूरी संभावना है कि डॉलर आने वाले दिनों में काफी मजबूत होगा। रुपये में ज्यादा गिरावट होने से सबसे पहला असर महंगाई पर पड़ेगा। तुर्की की मुद्रा लीरा में हुई गिरावट के चलते भारत सहित कई देशों की मुद्रा गिर गई है। इसकी वजह से डॉलर काफी मजबूत हो गया है। भारत में रुपया 72 के पार जा सकता है।
इसलिए जाएगा 72 के पार
केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया ने amarujala.com से बात करते हुए बताया कि रुपये में गिरावट का दौर आगे भी जारी रहेगा। रुपया 72 के पार जा सकता है। वैश्विक बाजार में डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है। अगले महीने अमेरिका में फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को बढ़ा सकता है।
कच्चा तेल होगा और महंगा
अजय केडिया ने कहा कि इससे कच्चा तेल और महंगा हो जाएगा, जिससे देश में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी, पीएनजी के दामों में इजाफा हो सकता है। इससे खाद्य पदार्थों में भी आग लग सकती है। कच्चा तेल खरीदने के लिए भारत को ज्यादा डॉलर खर्च करना पड़ेगा, जिसका असर आगे आने वाले दिनों में देखना पड़ेगा।
आरबीआई बढ़ा सकता है ब्याज दरें
एचडीएफसी बैंक के इकोनॉमिक एक्सपर्ट अभीक बरूआ ने कहा कि इसका असर सितंबर और अक्टूबर महीने में देखने को मिल सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट का इजाफा कर सकता है। बरूआ ने कहा कि रुपये में थोड़े दिनों के लिए अनिश्चिता का माहौल रहेगा। इसलिए ऐसे समय में एफआईआई जापान और अमेरिका जैसे देशों में डॉलर को भारत से निकालकर जमा कर सकते हैं।