इंडियन फाउंडेशन ऑफ ट्रांसपोर्ट रिसर्च एंड ट्रेनिंग (आईएफटीआरटी) के सीनियर फेलो एसपी सिंह का कहना है कि सिर्फ बीते अगस्त में ही दिल्ली में डीजल की कीमत में प्रति लीटर 2.39 रुपये, जबकि पेट्रोल की कीमत में 2.21 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
इस महीने सात दिनों में ही डीजल 1.65 रुपये प्रति लीटर, जबकि पेट्रोल 1.31 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। इसके कारण माल ढुलाई पर खर्च चार से पांच फीसदी बढ़ गया है, जिससे आलू-प्याज से लेकर तमाम फल-सब्जियों का ढुलाई खर्च तो बढ़ा ही है, उद्योग जगत की परिवहन लागत भी बढ़ी है।
बिगड़ा घरेलू बजट
बीते एक पखवाडे़ में गृहस्थी चलाना 30 फीसदी तक महंगा हो गया है। दिल्ली के उपनगरीय इलाकों में पिछले पखवाडे़ पहाड़ी आलू 20 रुपये किलो मिल रहा था, जो बढ़कर अब 25 रुपये हो गया है। नासिक वाला प्याज 20 रुपये किलो बिक रहा था, जो अब 25 रुपये किलो हो गया है।
इसी तरह भिंडी व कद्दू की कीमत भी पांच से 10 रुपये प्रति किलो बढ़ गई है। यही नहीं, चावल-दाल भी 10 रुपये किलो तक महंगे हो गए हैं। डबल रोटी के 700 ग्राम वाले लोफ की कीमत 35 से बढ़कर 40 रुपये हो गई है, तो अंडे की कीमत 50 रुपये दर्जन से बढ़कर 55 रुपये दर्जन हो गई है।