दाल व धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोतरी से महंगाई पर न्यूनतम असर होगा। इस बात का खुलासा कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि एमएसपी में बढ़ोतरी से खुदरा महंगाई दर पर 40-45 आधार अंक का असर पड़ेगा और यह असर दो-चार महीने तक रहेगा। लेकिन इससे कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
सरकार ने दाल के एमएसपी में प्रति क्विंटल 425 रुपये तक की बढ़ोतरी की है ताकि दाल के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा सके और दाल की कीमतों को काबू में रखा जा सके। वहीं धान के एमएसपी में प्रति क्विंटल 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है और अब इसका एमएसपी 1,470 रुपये प्रति क्विंटल हो गया।
कोटक की रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2017 के खरीफ सीजन के लिए सरकार की तरफ से एमएसपी में बढ़ोतरी करना इस बात का संकेत है कि सरकार मजबूत आर्थिक नीति लाने के साथ वित्तीय उदारता से दूर रहना चाहती है।
एमएसपी पर सरकार किसानों से अनाज की खरीदारी करती है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकार अदूरदर्शी नीति के जरिए ग्रामीण आय में बढ़ोतरी नहीं करना चाहती है बल्कि किसानों की उत्पादकता में बढ़ोतरी के माध्यम से ग्रामीण आय में इजाफा चाहती है।
रिपोर्ट के मुताबिक सरकार मजबूत आर्थिक नीति के जरिए व्यापक आर्थिक असंतुलन पर फोकस कर रही है। इस प्रकार के असंतुलन को दूर करने के लिए सरकार द्वारा नई फसल बीमा योजना, एकीकृत कृषि उत्पाद मार्केट, स्टोरेज की क्षमता में विस्तार, कृषि फंड, व ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिनकी मदद से लंबे अंतराल के बाद लोगों की आय बढ़ोतरी में मदद मिलेगी। आरबीआई की मौद्रिक नीति का जिक्र करते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि एमएसपी में बढ़ोतरी के बावजूद दरों में कटौती की गुंजाइश बनी हुई है।